नई दिल्ली, 07 अप्रैल। शेयर बाजार से मिल रहे समर्थन के कारण अडाणी ग्रुप ने तो देश के औद्योगिक और व्यावसायिक घरानों के बीच जोरदार छलांग लगाई ही है। इस ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी भी व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में दुनिया के आठवें सबसे रईस व्यक्ति बन गए हैं। गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति बढ़कर 109 अरब डॉलर हो गई है। इस तरह व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में अडाणी भारत समेत एशिया के दूसरे सबसे रईस व्यक्ति मुकेश अंबानी से काफी आगे निकल गए हैं।
पढ़ें :- श्रीनगर-कटरा वंदे भारत शुरू: कश्मीर को मिली रफ्तार
ब्लूमबर्ग बिलियनरीज इंडेक्स के आज के आंकड़ों के मुताबिक गौतम अडाणी की संपत्ति में साल 2022 में अभी तक 32.3 अरब डॉलर का इजाफा हो चुका है। पूरी दुनिया में गौतम अडाणी ऐसे अकेले व्यक्ति हैं, जिनकी व्यक्तिगत संपत्ति में 2022 के दौरान इतना इजाफा हुआ है। 2022 के दौरान व्यक्तिगत संपत्ति में इजाफे के मामले में दूसरे स्थान पर अमेरिकी निवेशक वॉरेन बफेट हैं, जिनकी संपत्ति में इस साल अभी तक 15.8 अरब डॉलर का इजाफा हो चुका है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति में इस साल अभी तक 7.72 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।
व्यक्तिगत संपत्ति में हुए जबरदस्त इजाफे के कारण अडाणी ने इस महीने के पहले दिन का कारोबार खत्म होने के साथ ही पहले तो सेंटी-बिलियनरीज क्लब में एंट्री की, इसके साथ ही उन्होंने दुनिया के टॉप 10 रईस व्यक्तियों की सूची में 10वें स्थान पर अपना नाम दर्ज कराया। इस कामयाबी के बाद अब वे एक और कदम आगे बढ़ते हुए दुनिया के टॉप 10 रईसों की सूची में आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं। 100 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के स्तर को हासिल करने वाले लोगों को सेंटी बिलियनरी कहा जाता है।
ब्लूमबर्ग बिलियनरीज इंडेक्स के मुताबिक 1 अप्रैल को खत्म हुए कारोबार के बाद गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति 100 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गई थी। इसके साथ ही गौतम अडाणी दुनिया के टॉप रईसों वाले सेंटी बिलियनरीज क्लब में भी शामिल हो गए थे। फिलहाल इस सेंटी बिलियनरीज क्लब में दुनिया के सबसे रईस व्यक्ति एलन मस्क को मिलाकर कुल 10 व्यक्ति शामिल हैं, जिनकी संपत्ति 100 अरब डॉलर से अधिक है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति अक्टूबर 2021 में 100 अरब डॉलर के स्तर को पार कर गई थी। इस तरह उन्होंने भी इस सेंटी बिलियनरीज क्लब अपना स्थान बना लिया था। शेयर बाजार की उठापटक के कारण मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति 100 अरब डॉलर के स्तर पर टिकी नहीं रह सकी और उन्हें इस क्लब से बाहर होना पड़ा। फिलहाल मुकेश अंबानी 97.7 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में 11वें स्थान पर हैं। इस तरह से फिलहाल गौतम अडाणी की व्यक्तिगत संपत्ति मुकेश अंबानी की व्यक्तिगत संपत्ति से 11.3 अरब डॉलर अधिक हो गई है।
पढ़ें :- Motorola Razr 70 Series लॉन्च: Ultra से Plus तक सब कुछ
साल 2022 के दौरान घरेलू शेयर बाजार में अडाणी ग्रुप की कंपनियों को मिले सपोर्ट के कारण गौतम अडाणी ने इस महीने की शुरुआत में पहले तो व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में भारत और एशिया के सबसे धनी व्यक्ति मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ा। अब एक सप्ताह में ही अडाणी ने व्यक्तिगत संपत्ति के मामले में अमेरिका के लैरी एलिसन और स्टीव बामर को भी पछाड़ कर दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में 8वां स्थान हासिल कर लिया है।
फिलहाल दुनिया के सबसे रईस व्यक्तियों की सूची में टेस्ला के एलन मस्क 265 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि अमेजॉन के फाउंडर जैफ बेजॉस 183 अरब की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर, फ्रांसीसी उद्योगपति बर्नार्ड अरनॉल्ट 143 अरब डॉलर की व्यक्तिगत संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर, माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स 131 अरब डालर की संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर और अमेरिकी निवेशक वारेन बफेट 125 अरब डालर की संपत्ति के साथ पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।