1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. PM मोदी के स्वागत में काशी में उमड़ा जनसैलाब, ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के बीच नमो घाट पहुंचे प्रधानमंत्री

PM मोदी के स्वागत में काशी में उमड़ा जनसैलाब, ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के बीच नमो घाट पहुंचे प्रधानमंत्री

PM Modi in Varanasi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में रविवार को वाराणसी में जनसैलाब उमड़ पड़ा। पुलिस लाइन से नमो घाट तक करीब सात किलोमीटर लंबे मार्ग पर लोगों ने पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ उनका अभिनंदन किया।

By HO BUREAU 

Updated Date

PM Modi in Varanasi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में रविवार को वाराणसी में जनसैलाब उमड़ पड़ा। पुलिस लाइन से नमो घाट तक करीब सात किलोमीटर लंबे मार्ग पर लोगों ने पुष्पवर्षा, ढोल-नगाड़ों और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ उनका अभिनंदन किया। प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से अपने काफिले के साथ नमो घाट पहुंचे, जहां उन्हें भारतीय वायुसेना के एयर शो में शामिल होना है। इस दौरान लोगों में प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए खासा उत्साह देखने को मिला।

पढ़ें :- Indian Stock Market : शीर्ष 10 कंपनियों में से 8 का मार्केट कैप 1.56 लाख करोड़ रुपये घटा

प्रधानमंत्री मोदी का काफिला पुलिस लाइन से सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट, कज्जाकपुरा और राजघाट पुल होते हुए नमो घाट पहुंचा। मार्ग में जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे और बड़ी संख्या में लोग बैरिकेडिंग के दोनों ओर खड़े होकर उनके आगमन का इंतजार कर रहे थे। भदऊचुंगी समेत कई स्थानों पर समर्थकों की भारी भीड़ जुटी। लोगों का उत्साह देखकर प्रधानमंत्री ने कुछ स्थानों पर वाहन से बाहर निकलकर हाथ हिलाते हुए उनका अभिवादन किया। इस दौरान उनके काफिले पर फूलों की पंखुड़ियां बरसाई गईं और देशभक्ति गीतों के साथ स्वागत किया गया।

नमो घाट पहुंचने पर वायुसेना के अधिकारियों और भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। गंगा तट पर आयोजित कार्यक्रम स्थल पर ‘नमो-नमो’ के उद्घोष के बीच प्रधानमंत्री ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। स्वागत के लिए जुटे लोगों में विभिन्न समुदायों के लोग शामिल रहे। घाटों और आसपास के इलाकों में उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। प्रधानमंत्री इससे पहले मिर्जामुराद क्षेत्र के खोचवां में अरविंद लिमिटेड की नई टेक्सटाइल इकाई का उद्घाटन कर चुके हैं। कई करोड़ रुपये की लागत से सात एकड़ में स्थापित इस इकाई में विभिन्न प्रकार के परिधानों का उत्पादन किया जाएगा।

इसके बाद वह भारतीय वायुसेना के एयर शो में शामिल होने के लिए नमो घाट पहुंचे। भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित एयर शो को ‘विंग्स ओवर गंगा’ नाम दिया गया है। इसमें करीब 100 विमानों के हिस्सा लेने की जानकारी दी गई है, जिनमें राफेल और सुखोई जैसे 52 लड़ाकू विमान भी शामिल हैं। एयर शो के दौरान लड़ाकू विमानों के साथ हेलीकॉप्टरों की हवाई प्रस्तुतियां भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

रविवार को कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही नमो घाट और आसपास के घाटों पर लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। सुबह से ही दर्शक घाटों की सीढ़ियों और अन्य निर्धारित स्थानों पर बैठकर आसमान में होने वाले हवाई करतबों का इंतजार करते नजर आए। गंगा के दूसरे किनारे डोमरी, बहादुरपुर और कटेसर समेत आसपास के इलाकों में भी लोगों की भीड़ जुटी। एयर शो के पिछले दिनों में भी बड़ी संख्या में लोग विमानों के करतब देखने पहुंचे थे।

पढ़ें :- युद्ध कहीं भी हो, शांति हर जगह खतरे में पड़ती है : चिन्मय अमृत महोत्सव ग्लोबल सम्मेलन में जयशंकर

भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर प्रदर्शन टीम ने भी अपने समन्वित हवाई करतबों से दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। ध्रुव हेलीकॉप्टरों से बनी टीम ने गंगा के ऊपर एक साथ उड़ान भरते हुए सटीक तालमेल, नियंत्रित मोड़ और समूह में बदलती आकृतियों का प्रदर्शन किया। घाटों पर मौजूद दर्शकों ने हेलीकॉप्टरों की इस प्रस्तुति को उत्सुकता से देखा। प्रधानमंत्री के दौरे और एयर शो को देखते हुए वाराणसी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। पुलिस और प्रशासन की टीमें प्रमुख मार्गों तथा कार्यक्रम स्थल पर मुस्तैद रहीं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई। (आईएएनएस)

Disclaimer

इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें। 

पढ़ें :- गंगा के ऊपर राफेल की गर्जना, तिरंगे से रंगा आसमान; PM मोदी ने देखा वायुसेना का शौर्य
इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook, YouTube और Twitter पर फॉलो करे...
Booking.com
Booking.com