Etawah : ऊसराहार थाना क्षेत्र में बिजली के ट्रांसफार्मर से केबल डालने को लेकर हुआ विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया।✍️Vandana yadav
Updated Date
Etawah : ऊसराहार थाना क्षेत्र में बिजली के ट्रांसफार्मर से केबल डालने को लेकर हुआ विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब एक युवक ने फायरिंग कर 55 वर्षीय व्यक्ति की जान ले ली। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। मामला ऊसराहार थाना क्षेत्र के नगला जलाल गांव का है।
जहां रविवार को बिजली के ट्रांसफार्मर से केबल डालने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक ने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली लगने से 55 वर्षीय चाचा चरण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों के मुताबिक, चरण सिंह के घर की पहले से ट्रांसफार्मर से केबल जुड़ी हुई थी। तकनीकी खराबी आने पर नई केबल डाली जा रही थी, जिसका दूसरे पक्ष द्वारा विरोध किया जा रहा था। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोप है कि दूसरे पक्ष के युवक राजा ने मौके पर पहुंचकर फायरिंग कर दी।
घटना के दौरान घायल चरण सिंह को बचाने पहुंचे परिजनों पर भी फायरिंग किए जाने का आरोप है। फायरिंग से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। वहीं आरोपी मौके से खेतों के रास्ते फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल चरण सिंह को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ऊसराहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में केबल डालने को लेकर विवाद सामने आया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसपी ग्रामीण श्रीश चंद्र द्वारा जानकारी देते हुए बताया गया कि 55 वर्षीय चाचा चरण सिंह यादव की भतीजे द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पर दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
✍️Vandana yadav
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इसे केवल प्रकाशन हेतु संपादित किया गया है। विचारों, मतों या उनसे उत्पन्न परिणामों के लिए वेब पोर्टल अथवा प्रकाशक उत्तरदायी नहीं होंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें