Advertisement
  1. हिन्दी समाचार
  2. क्षेत्रीय
  3. Punjab : भगवंत मान पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री बने, पूरी तरह से बसंती रंग में रंगा नजर आया खटकड़ कलां

Punjab : भगवंत मान पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री बने, पूरी तरह से बसंती रंग में रंगा नजर आया खटकड़ कलां

By इंडिया वॉइस 

Updated Date

चंडीगढ़, 16 मार्च। आम आदमी पार्टी विधायक दल के नेता भगवंत मान ने बुधवार को पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़ कलां में भगवंत मान को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

पढ़ें :- किरेन रिजिजू ने की राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ बैठक, परिसीमन और महिला आरक्षण बिल को लेकर मांगा समर्थन

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान खटकड़ कलां पूरी तरह से बसंती रंग में रंगा नजर आया। भगवंत मान की अपील के मुताबिक लोग बसंती रंग की पगड़ी पहनकर पहुंचे। समारोह स्थल पर 3 मंच तैयार किए गए। एक मंच पर पंजाब के नवनिर्वाचित विधायक, दूसरे पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के अलावा दिल्ली सरकार के कई मंत्री और विधायक मौजूद रहे। केजरीवाल समेत मंच पर मौजूद तमाम नेता बसंती रंग की पगड़ी पहने थे। तीसरे और मुख्य मंच पर पंजाब के राज्यपाल और भगवंत मान के अलावा पंजाब के मुख्य सचिव अनिरुद्ध तिवारी और मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव वेणु प्रसाद मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के लिए राज्यपाल ने दोपहर 12.30 बजे का समय निर्धारित किया था। राज्यपाल पुरोहित समारोह स्थल पर दोपहर करीब 12 बजे पहुंच गए थे। उन्होंने शहीद भगत सिंह मेमोरियल पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। राज्यपाल को करीब 45 मिनट भगवंत मान का इंतजार करना पड़ा। बताया गया कि विजिबिल्टी के कारण भगवंत मान का हेलीकाप्टर देरी से पहुंचा।

वहीं मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाबी में शपथ ग्रहण की। शपथ लेने के बाद भगवंत मान ने इंकलाब जिंदाबाद का नारा लगाया। समारोह में दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सत्येंद्र जैन, गोपाल राय समेत मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह में पंजाब के प्रसिद्ध लोकगायक गुरदास मान, कॉमेडियन करमजीत अनमोल के अलावा कांग्रेस सासंद और लोकगायक मोहम्मद सद्दीक का पहुंचना चर्चा का विषय बना रहा।

पढ़ें :- Rahul Gandhi on PM Modi : 'वो छात्रों को माफ करने वाले कौन होते हैं...', PM मोदी पर राहुल गांधी का हमला

केजरीवाल ने पंजाब का मुख्यमंत्री बनने पर भगवंत मान को दी बधाई

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाए जाने पर बधाई दी है। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि पंजाब का मुख्यमंत्री बनने पर भगवंत मान को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। केजरीवाल ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि मान के नेतृत्व में पंजाब में खुशहाली लौटेगी, खूब तरक्की होगी और लोगों की समस्याओं का समाधान होगा।

पीएम मोदी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को दी बधाई

वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेने पर भगवंत मान को बधाई दी और राज्य के विकास के लिए मिलकर काम करने का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा कि “भगवंत मान जी को पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई। पंजाब के विकास और राज्य के लोगों के कल्याण के लिए मिलकर काम करेंगे।

उधर पंजाब की आनंदपुर साहिब सीट से लोकसभा सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी ने भगवंत मान को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाए जाने पर बधाई दी है। साथ ही शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किए जाने को लेकर धन्यवाद भी दिया है। तिवारी ने बुधवार को ट्वीट कर कहा कि उन्हें भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया गया था। लेकिन वो सदन का सत्र चलने के कारण वहां पहुंच नहीं पाए। उन्होंने लिखा कि वो मान को पंजाब का मुख्यमंत्री बनाए जाने की बधाई देते हैं। तिवारी ने साथ ही इस बात का उल्लेख किया कि जब राज्य में चरणजीत सिंह चन्नी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया तो उन्हें नहीं बुलाया गया था। लेकिन भगवंत मान ने उन्हें आमंत्रित किया। इसके लिए वो मान को धन्यवाद देते हैं और नई जिम्मेदारी के लिए उन्हें बधाई देते हैं।

पढ़ें :- 'खोखले चुनावी अभ्यास, पाकिस्तान का पाखंड...', POK में चुनाव को लेकर MEA की पाक को दो टूक
Advertisement