यूपी के बरेली जिले के शीशगढ़ कस्बे में शुक्रवार रात धार्मिक टिप्पणी को लेकर दो समुदायों में रोष फैल गया। एक समुदाय के लोगों की भीड़ ने दूसरे सुमदाय का घर घेर लिया।
Updated Date
बरेली। यूपी के बरेली जिले के शीशगढ़ कस्बे में शुक्रवार रात धार्मिक टिप्पणी को लेकर दो समुदायों में रोष फैल गया। एक समुदाय के लोगों की भीड़ ने दूसरे सुमदाय का घर घेर लिया। घटना के बाद कमिश्नर और आईजी भी देर रात मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि दूसरे समुदाय के सहपाठी किशोर से सोशल मीडिया पर बहस के दौरान किशोर ने यह टिप्पणी की थी। इसके बाद बवाल हुआ था।
घटना के बाद शीशगढ़ को छावनी में तब्दील कर दिया गया। रात में ही दूसरे किशोर को भी पकड़ लिया गया था। बवाल के बाद सियासी जुड़ाव की वजह से पुलिस ने चेयरमैन के पति को थाने में बैठा लिया है। दोनों ओर से मुकदमे दर्ज करने के बाद भीड़ पर दो मुकदमे पुलिस ने दर्ज कराए हैं। भीड़ में शामिल करीब 27 लोगों को हिरासत में लिया गया है। अन्य खुराफातियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
पुलिस की कार्रवाई के विरोध में एक समुदाय के लोगों ने शनिवार को बाजार बंद कर दिया है। कई सीओ, इंस्पेक्टर के साथ ही कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात है। पीएसी और आरएएफ भी तैनात की गई है। एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि कस्बे में शांति हैं।
सीसीटीवी फुटेज और वीडियो से आरोपियों की पहचान की जा रही
सीसीटीवी फुटेज और वीडियो से आरोपियों की पहचान की जा रही है। दूसरे समुदाय की भीड़ ने पहले थाना घेरा, फिर आरोपी के घर पहुंच गई। भीड़ ने बाहर से घर बंद कर पथराव किया। समझाने पहुंचे सीओ से भी धक्कामुक्की कर दी।
रात करीब दो बजे पुलिस ने दोनों किशोरों को पकड़ लिया, तब जाकर भीड़ शांत हुई। शीशगढ़ कस्बे में रामलीला ग्राउंड के सामने रहने वाला शख्स मोबाइल कंपनी का स्थानीय डीलर है। उनका 14 साल का बेटा कक्षा नौ में पढ़ता है। बताते हैं कि गुरुवार को इंस्टाग्राम पर बहस के दौरान उसके बेटे ने दूसरे समुदाय को लेकर आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी कर दी। दूसरे समुदाय के लोगों ने इसका स्क्रीनशॉट ले लिया। फिर उस पर तीखे कमेंट लिखकर वायरल किया गया। शुक्रवार शाम तक मैसेज पूरे कस्बे में आग की तरह फैल गया।