Delhi : दिल्ली ACB ने दिल्ली जल बोर्ड के STP टेंडर में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामले में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है।✍️अरविंद कुमार
Updated Date
Delhi : दिल्ली ACB ने दिल्ली जल बोर्ड के STP टेंडर में कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामले में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने टेंडर प्रक्रिया प्रभावित करने और रिश्वत के कथित लेन-देन का आरोप लगाया है। दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच (ACB) ने दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) टेंडर में कथित भ्रष्टाचार के मामले में पूर्व जल मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन को गिरफ्तार किया है।
जैन के अलावा पूर्व DJB CEO और IAS अधिकारी उदित प्रकाश राय, पूर्व संविदा सलाहकार अंकित श्रीवास्तव, AN Enterprises के प्रोपराइटर नागेंद्र यादव, Euroteck Environment Pvt. Ltd. के मालिक राजा कुमार कुर्रा और Srijanhar के प्रोपराइटर पंकज वर्मा को भी गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़ें : सिवान हिंसा में AK-47 से 4 राउंड हवाई फायरिंग, सुप्रीम कोर्ट में बिहार पुलिस ने खोला राज
ACB का आरोप है कि टेंडर की शर्तों में कथित तौर पर इस तरह बदलाव किए गए, जिससे एक खास तकनीक और निजी कंपनी को फायदा मिल सके। जांच में प्रतिबंधात्मक तकनीकी शर्तें लगाने और जरूरी पायलट स्टडी नहीं कराने जैसी अनियमितताओं की बात सामने आई है।
जांच एजेंसी के मुताबिक, तत्कालीन DJB CEO उदित प्रकाश राय और उनके रिश्तेदारों के बैंक खातों में AN Enterprises के जरिए करीब 1.52 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत पहुंचाई गई। ACB का दावा है कि इस रकम का इस्तेमाल कथित तौर पर अचल संपत्ति खरीदने में किया गया।
एजेंसी ने इलेक्ट्रॉनिक सबूतों और वित्तीय लेन-देन की जांच के आधार पर निजी कंपनियों, बिचौलियों और सरकारी अधिकारियों के बीच कथित सांठगांठ का आरोप लगाया है। ACB के अनुसार, टेंडर प्रक्रिया को प्रभावित करने की कथित साजिश की जांच में कई अहम सबूत मिले हैं।
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर निशाना साधा है। AAP नेता अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि बीजेपी आम आदमी पार्टी से डरती है। उन्होंने यह भी कहा कि जिस जल बोर्ड के मामले का हवाला दिया जा रहा है, उस दौरान सत्येंद्र जैन जेल में थे। फिलहाल ACB मामले में आगे की जांच कर रही है।
Disclaimer
इस लेख में व्यक्त सभी विचार, मत एवं विश्लेषण मूल लेखक के हैं। इन्हें केवल वेब पोर्टल पर प्रकाशन हेतु संपादित एवं व्यवस्थित किया गया है। मूल भाव, आशय एवं तथ्यों में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। इस लेख में व्यक्त विचारों, मतों अथवा उनसे उत्पन्न होने वाले किसी भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष परिणाम के लिए वेब पोर्टल अथवा उसके प्रकाशक किसी भी प्रकार से उत्तरदायी नहीं होंगे।
✍️अरविंद कुमार
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।