समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) कार्यालय पर बड़ी बैठक हुई है। इस बैठक में सपा अपने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे पर मंथन कर रही है।
UP Assembly Election 2022 : समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) कार्यालय पर बड़ी बैठक हुई है। इस बैठक में सपा अपने सहयोगी दलों के साथ सीट बंटवारे पर मंथन कर रही है। सपा कार्यालय पर अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के अलावा, प्रसपा ( प्रगतिशील समाजवादी पार्टी -लोहिया ) के मुखिया शिवपाल यादव, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के मुखिया ओमप्रकाश राजभर, रालोद चीफ जयंत चौधरी समेत अन्य दलों के नेता मौजूद हैं।
चाचा शिवपाल यादव की पार्टी को छह सीटें देंगे अखिलेश
समाजवादी पार्टी के समक्ष सभी दलों को सीट देकर संतुष्ट कर पाना बड़ी चुनौती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक सपा गठबंधन में शिवपाल यादव को करीब छह सीटें दिए जाने पर सहमति बनी है। हालांकि अखिलेश यादव के चार्चा शिवपाल यादव दर्जन सीटों की मांग कर रहे हैं। शिवपाल के बेटे आदित्य जसवंत नगर सीट से चुनाव लड़ेंगे।
जयंत चौधरी ने की है करीब तीन दर्जन सीटों की मांग
रालोद मुखिया जयंत चौधरी करीब तीन दर्जन सीटें मांग रहे हैं। सपा डेढ़ दर्जन सीटें ही देने पर विचार कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जयंत इससे कम सीटें मिलने पर राजी नहीं होंगे। बैठक से बाहर निकले ओपी राजभर ने मीडिया प्रतिनिधियों से कहा कि सपा गठबंधन सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी और प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। हालांकि राजभर ने यह नहीं बताया कि उनकी पार्टी को कितनी सीटें मिल रही हैं।
तृणमूल पार्टी और एनसीपी भी सपा के साथ
फिलहाल मिल रही जानकारी के मुताबिक ममता बनर्जी की तृणमूल पार्टी (TMC) के लिए सपा एक सीट छोड़ेगी। माना जा रहा है कि इस सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलापति त्रिपाठी के पौत्र ललितेश पति त्रिपाठी चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि ललितेश कांग्रेस के पूर्व विधायक हैं और पूर्वांचल के बड़े चेहरे हैं। इसके अलावा शरद पवार की पार्टी एनसीपी को भी इस गठबंधन में एक सीट मिल सकती है।