शिमला। हिमाचल के सोलन जिले के जादोन डाकघर गांव में रविवार की रात बादल फटने से सात की मौत हो गई। इससे दो मकान और एक गोशाला बह गई। जादोन गांव में रती राम और इसके बेटे हरनाम के दो मकान भूस्खलन के कारण क्षतिग्रस्त हो गए।
पढ़ें :- हिमाचल प्रदेश में दर्दनाक हादसा, यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 7 लोगों की मौत
इसमें सात लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। मृतकों में हरनाम (38), कमल किशोर (35), हेमलता (34), राहुल (14), नेहा (12), गोलू (8), रक्षा (12) शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर जताया दुख
उधर, पड़ोस के जाबल गांव में गौशाला गिरने से पांच पशु मर गए। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोलन के जादोन गांव में बादल फटने से सात लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने ट्वीट किया कि हमने अधिकारियों को इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से तबाही मची है। बारिश की वजह से जगह-जगह लैंडस्लाइड हो रही है। इसकी वजह से कई सड़कें बंद हो गई हैं।
पढ़ें :- हिमाचल में कुदरत का कहरः भारी बारिश और बादल फटने से मची तबाही, 48 लोग लापता, 14 पुल और दो बिजली घर बहे, बचाव में सेना उतरी
शिमला में शिव मंदिर के मलबे में 40 से ज्यादा श्रद्धालु दबे
शिमला के समरहिल इलाके में भूस्खलन की चपेट में शिव मंदिर आ गया है। मलबे में 40 से ज्यादा श्रद्धालु दब गए। तीन शव निकाले जा चुके हैं। बचाव अभियान जारी है। हिमाचल प्रदेश में सोमवार को बारिश के कहर के बीच शिमला में दो भूस्खलन और सोलन में बादल फटने से करीब 16 लोगों की मौत हो गई।
समर हिल इलाके में एक शिव मंदिर ढह गया था और फागली इलाके में एक अन्य जगह जहां कई घर मिट्टी और कीचड़ के नीचे दब गए थे। मलबे से नौ शव निकाले गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक अभी कई और लोगों के फंसे होने की आशंका है।
मंडी की मझबाड़ पंचायत में बादल फटा है। दो आदमी मलबे में दब गए हैं, जबकि यहां कुछ लापता हैं। जिनकी तलाश जारी है। घुमारवीं के तियूनखास तियूड़ी गांव में रात को भूस्खलन हो गया। इसको लेकर लगभग 11 परिवारों के घर खाली करवाए गए हैं।
शिमला शहर में शोघी-मेहली सड़क अवरुद्ध
पढ़ें :- हिमाचल प्रदेश: भारी बारिश से कुल्लू में तबाही, कई बहुमंजिला इमारतें ढहीं
अड्डा विला पार्किंग चितकारा पार्क रोड ब्लॉक के पास भूस्खलन हो गया है। शिमला शहर में शोघी-मेहली सड़क अवरुद्ध है। फागली-खलिनी सड़क लालपानी पुल पर बंद है। एडवर्ड स्कूल के पास हिमलैंड-बैम्ब्लो रोड अवरुद्ध है।
विकासनगर-छोटा शिमला मार्ग भी बंद हो गया है। सीआईडी कार्यालय पर विकासनगर-पंथघाटी मार्ग अवरुद्ध हो गया है। टूटीकंडी से आईएसबीटी सड़क द्विभाजन पर अवरुद्ध है।