भारी बारिश के कारण यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर का असर यातायात पर भी पड़ा है। लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
Updated Date
नई दिल्ली। भारी बारिश के कारण यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर का असर यातायात पर भी पड़ा है। लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। यमुना का जलस्तर बढ़ने के कारण मेट्रो की ‘ब्लू लाइन’ पर यमुना बैंक स्टेशन पर यात्रियों का प्रवेश व निकास अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। मेट्रो की गति भी सीमित कर दी गई है।
मेट्रो रेल के अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने ट्वीट किया है कि यमुना में बढ़ते जलस्तर के कारण मेट्रो की ब्लू लाइन पर यमुना बैंक स्टेशन पर यात्रियों का प्रवेश व निकास अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। स्टेशन पर मेट्रो बदलने की सुविधा उपलब्ध है और ब्लू लाइन पर सेवाएं सामान्य है।
यमुना नदी के चार पुलों पर मेट्रो की गति सीमित की गई
दिल्ली मेट्रो के अधिकारियों ने बताया कि यमुना बैंक स्टेशन की ओर आने वाली सड़क पर पहुंच भी अभी संभव नहीं है। डीएमआरसी ने कहा कि बढ़ते जलस्तर के कारण एहतियात के तौर पर यमुना के चार पुलों पर मेट्रो की गति 30 किलोमीटर प्रति घंटे सीमित कर दी गई है।
दिल्ली में यमुना का जलस्तर गुरुवार की सुबह बढ़कर 208.48 मीटर पर पहुंच गया। जिससे आसपास की सड़कें जलमग्न हो गई हैं। दुकानों में भी पानी घुस गया है। नदी के पास रहने वाले लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
ओल्ड रेलवे ब्रिज पर नदी का जलस्तर बुधवार रात 208 मीटर के निशान को पार कर गया था और गुरुवार सुबह आठ बजे तक बढ़कर 208.48 मीटर तक पहुंच गया। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, इसके और बढ़ने की संभावना है।