शाहजहांपुर। शाहजहांपुर में यूपी के वित्तमंत्री सुरेश खन्ना इंडिया गठबंधन पर जमकर बरसे। कहा कि कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व जमानत पर है। वित्तमंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सभी दल आज जनता को गुमराह कर मोदी को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। कहा कि आज इंडिया गठबंधन के सभी नेता परिवारवाद को बढ़ावा दे रहे हैं जबकि मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार माना है।
दावा किया कि 2047 तक भारत एक विकसित भारत के रूप में जाना जाएगा, जितने भी लोग इंडिया गठबंधन में है उनके ऊपर कोई न कोई आरोप है। सभी एक दूसरे को बचाने के लिए इकट्ठा हुए हैं। आम आदमी पार्टी दिल्ली में तो कांग्रेस के साथ है लेकिन बाकी क्षेत्रों में एक दूसरे के विरोध में चुनाव लड़ रहे हैं।
कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता ने इस बात को साफ कर दिया कि किसी पार्टी से कोई समझौता नहीं करना है। बिहार में लालू प्रसाद यादव की पार्टी ऊपर से गठबंधन की मीटिंग कर रही है लेकिन अपने उम्मीदवार बिना कांग्रेस को विश्वास में लिए घोषित कर दिए। चाहे शरद पवार या ममता बनर्जी हों, ये लोग परिवारवाद की राजनीति को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
जिसकी वजह से आज हिंदुस्तान में इन सब दलों के प्रति न केवल अविश्वास पैदा हुआ है बल्कि इनके खिलाफ नकारात्मक माहौल बना हुआ है। मोदी की नीतियों से आज देश के 60 प्रतिशत से ज्यादा लोग लाभान्वित हुए हैं। आयुष्मान योजना, शौचालय, आवास, सम्मान निधि, गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन साथ ही हिंदुस्तान के आदमी का सम्मान लौटाया है।