नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (DU) चुनाव के लिए सोमवार (25 नवंबर) को हुई मतगणना में इस बार अध्यक्ष और संयुक्त सचिव पद पर NSUI ने बाजी मारी है। वहीं ABVP के हिस्से उपाध्यक्ष और सचिव पद आया। DU चुनाव के लिए 27 सितंबर को मतदान हुआ था। जिसमें 145,893 मतदाताओं में से 51,300 छात्रों ने अपने मत का प्रयोग किया था। कॉलेजों में प्रतिनिधियों के परिणाम रविवार को घोषित किए गए।
मतगणना के लिए सुबह सात बजे सभी उम्मीदवारों की मौजूदगी में परीक्षा विभाग के स्ट्रांग रूम खोले गए थे। इसके बाद 500 ईवीएम को कॉन्फ्रेंस सेंटर लाया गया। मतगणना के दौरान छात्र मार्ग, पटेल चेस्ट और रामजस कॉलेज की ओर बैरिकेडिंग कर दी गई थी और इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद रह। केवल छात्र ही कक्षाओं में जाने के लिए आ-जा सके। DU के चार प्रमुख पदों के लिए 21 उम्मीदवार मैदान में थे।
गत 28 सितंबर को परिणाम घोषित होने थे, लेकिन दिल्ली विश्वविद्यालय और राजधानी के अन्य क्षेत्रों में पोस्टर और बैनर से गंदगी फैलने पर उच्च न्यायालय ने परिणामों की घोषणा पर रोक लगा दी थी। सफाई के बाद 26 नवंबर तक मतगणना की अनुमति दी गई है। पहले डीयू ने 21 नवंबर को मतगणना का प्रस्ताव रखा था, लेकिन सफाई पूरी न होने के कारण इसे 25 नवंबर को मतगणना कराने का निर्णय लिया गया।
ये सभी थे मैदान में
- अनिकेत मडके, ला सेंटर दो
- बदी उ ज़मान, जाकिर हुसैन दिल्ली कॉलेज
- पिंकी, बौद्ध अध्ययन विभाग
- ऋषभ चौधरी, बौद्ध अध्ययन विभाग
- रौनक खत्री, कैंपस ला सेंटर
- सावी गुप्ता, ला सेंटर दो
- शीतल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी कॉलेज
- शिवम मौर्य, हिंदू कॉलेज
उपाध्यक्ष पद के उम्मीदवार
- आयुष मंडल, ला सेंटर दो
- बनश्री दास, दक्षिणी दिल्ली परिसर
- भानु प्रताप सिंह, ला सेंटर एक
- रोबिन सिंह, बौद्ध अध्ययन विभाग
- यश नांदल, बौद्ध अध्ययन विभाग
सचिव पद के उम्मीदवार
- अदित्यन एमए, मोतीलाल नेहरू कॉलेज (सांध्य)
- मित्रविंदा करनवाल, लक्ष्मीबाई कॉलेज
- नम्रता जेफ मीणा, किरोड़ीमल कॉलेज
- स्नेहा अग्रवाल, ला सेंटर दो
संयुक्त सचिव पद के उम्मीदवार
- अमन कपासिया, बौद्ध अध्ययन विभाग
- अनामिका, दक्षिणी दिल्ली परिसर
- अंजना सुकुमारन, ला सेंटर दो
- लोकेश चौधरी, बौद्ध अध्ययन विभाग