मुख्य सामग्री पर जाएँ

इंडिया वॉइस

Breaking News सभी अपडेट
उत्तर प्रदेश

करहल विधानसभा क्षेत्र से अखिलेश यादव ने भरा पर्चा, भाजपा ने केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को दिया टिकट  

इंडिया वॉइस

नामांकन के बाद अखिलेश पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से मिले और उनसे चुनाव में जुट जाने की अपील की।

शेयर करें

UP Assembly Election 2022 : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को मैनपुरी जिले के करहल विधानसभा क्षेत्र से नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के लिए अखिलेश रविवार शाम को ही इटावा जिले के सैफई स्थित अपने पैतृक गांव पहुंच गए थे। बता दें कि जहां एक तरफ आज अखिलेश यादव ने अपना नामांकन दाखिल किया वहीं करहल सीट पर भाजपा ने केन्द्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

नामांकन से पहले हुई विधिवत पूजा अर्चना 

अखिलेश नामांकन के लिए सैफई से जिस विजय रथ से मैनपुरी पहुंचे उसकी पहले हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा की गई। इसके बाद अखिलेश इस गुलाबी रंग के विजय रथ पर सवार होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान उनके साथ राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव, पूर्व सांसद तेजप्रताप सिंह यादव, करहल के विधायक सोबरन सिंह यादव और अन्य नेता मौजूद रहे। नामांकन के बाद अखिलेश पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से मिले और उनसे चुनाव में जुट जाने की अपील की।

मंगलवार को नामांकन का आखिरी दिन

प्रदेश में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए मंगलवार को नामांकन का आखिरी दिन होगा। इसको देखते हुए सोमवार को कई अन्य उम्मीदवार भी नामांकन दाखिल करने कलेक्ट्रेट पहुंचे। तीसरे चरण में मैनपुरी, कासगंज, हाथरस, फिरोजाबाद, एटा, फर्रूखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जिलों की 59 सीटों पर मतदान 20 फरवरी को होगा।

भाजपा से केन्द्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल होंगे उम्मीदवार 

राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा थी कि भाजपा मैनपुरी की करहल विधानसभा सीट से में सामाजवादी पार्टी से अखिलेश यादव के खिलाफ केन्द्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। बता दें कि एसपी बघेल साल 2009 में फिरोजाबाद से अखिलेश यादव के खिलाफ और डिंपल यादव के खिलाफ उपचुनाव में भी चुनाव लड़ चुके हैं। इस दौरान उन्होंने साल 2014 में फिरोजाबाद से अक्षय यादव के खिलाफ भी चुनाव लड़ा था।

अखिलेश यादव के बाद केन्द्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने भरा नामांकन 

एस पी सिंह बघेल कभी मुलायम सिंह यादव के सुरक्षा अधिकारी हुआ करते थे। इसके अलावा वह यूपी सरकार में मंत्री भी रहे हैं। बीजेपी की तरफ से इसकी आधिकारिक घोषणा हो गई है, हालांकि अखिलेश के पर्चा दाखिल करने के बाद एस पी सिंह बघेल भी नॉमिनेशन भरने कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे थे।

UP Election 2022 : SP Singh Baghel File Nomination Against Akhilesh Yadav

 

शेयर करें