यूपी के देवरिया जिले में मामूली विवाद में शिक्षक की पीटकर हत्या कर दी गई। हमले के दौरान पिता को बचाने पहुंचे पुत्र कृष्णा, रविशंकर, पुत्री पिंकी, रिंकी को भी हमलावरों ने पीटा। जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
Updated Date
देवरिया। यूपी के देवरिया जिले में मामूली विवाद में शिक्षक की पीटकर हत्या कर दी गई। हमले के दौरान पिता को बचाने पहुंचे पुत्र कृष्णा, रविशंकर, पुत्री पिंकी, रिंकी को भी हमलावरों ने पीटा। जिससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना गौरी बाजार थाना क्षेत्र के नगरौली गांव में शनिवार की रात चारपाई हटाने के विवाद में हुई।
नगरौली बाजार निवासी परशुराम प्रसाद (53) एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक हैं। शनिवार रात साढ़े दस बजे के लगभग वह साइकिल से घर जा रहे थे। रास्ते में सड़क किनारे कुछ लोग बैठे थे। रास्ते से किनारे हट जाने की बात पर वे लोग उलझ गए। इस दौरान उन लोगों ने शिक्षक पर हमला बोल दिया। साथ ही ईंट पत्थर भी चलाने लगे।
जिससे शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोटें आईं। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही काफी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक के पुत्र रविशंकर की तहरीर पर एक ही परिवार के पांच लोगों के विरुद्ध हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर रात में ही कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।