मुख्य सामग्री पर जाएँ

इंडिया वॉइस

Breaking News सभी अपडेट
राजस्थान

अजमेर लोकसभा क्षेत्र : मतदान केंद्र पर पुनर्मतदान का आयोजन

जयपुर: राजस्थान के अजमेर लोकसभा क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर आज सुबह सात बजे पुनर्मतदान शुरू हुआ. भारत निर्वाचन आयोग ने पीठासीन अधिकारी द्वारा 17-ए रजिस्टर (मतदाताओं का) गुम हो जाने के बाद 26 अप्रैल को दूसरे चरण में इस बूथ पर हुए मतदान को निष्प्रभावी घोषित कर दिया था और पुनर्मतदान की घोषणा की थी.पुनर्मतदान में कुल 753 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे. इस मतदान केंद्र की 'वेबकास्टिंग' भी की जा रही है.

पुनर्मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं
शेयर करें

राजस्थान के अजमेर जिले के नांदसी गांव में बनाए गए मतदान केंद्र 195 पर आज सुबह 7 बजे रि-पोलिंग शुरू हो चुकी है, जो आज शाम 5 बजे तक जारी रहेगी. आज इस बूथ पर 753 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. सुबह से ही लोग वोट करने के लिए यहां पहुंचने लगे हैं. इस दौरान की एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें पुरुष मतदाता वोटिंग के लिए लाइन में लगकर अपनी बारी आने का इंतजार करते नजर आ रहे हैं.

जिला कलेक्टर डॉक्टर भारती दीक्षित ने अपने बयान में बताया कि अजमेर की इस बूथ पर 26 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान हुआ था. जब मतदान कर्मी वोटिंग पूरी होने के बाद यहां से वापस लौट रहे थे तभी रास्ते में मतदान सामग्री का बैग गायब हो गया, जिसमें रजिस्टर और कुछ जरूरी दस्तावेज थे. रजिस्टर गुम होने की जानकारी मतदान दल को पॉलिटेक्निक कॉलेज पहुंचने पर पता लगी, जब वो जरूरी दस्तावेज जमा करा रहा थे. इस लापरवाही के चलते जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर भारती दीक्षित ने पीआरओ रामकिशोर रेगर, विश्वेंद्र कुमार बेरवा, राजेंद्र सिंह, गोपाल उर्फ बद्री को सस्पेंड कर दिया. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्र 195 पर आज हो रही रि-पोलिंग की वेबकास्टिंग कराने के निर्देश भी दिए हैं. प्रवीण गुप्ता ने बताया कि मतदान के बाद निर्वाचन सामग्री का संग्रहण राजकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय माखुपुरा अजमेर में किया जाएगा.

राजस्थान में कुल 25 लोकसभा सीट हैं. उनमें से 12 सीट पर 19 अप्रैल को पहले चरण में और 13 सीट पर 26 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान हुआ था.

 

शेयर करें