मुख्य सामग्री पर जाएँ

इंडिया वॉइस

Breaking News सभी अपडेट
उत्तर प्रदेश

अवधेश राय हत्याकांडः सुनवाई पूरी, 31 साल बाद मुख्तार अंसारी की सजा पर फैसला 5 जून को

Rajni

31 साल पुराने बनारस के चर्चित अवधेश राय हत्याकांड में माफिया मुख्तार अंसारी की सजा पर फैसला 5 जून को आएगा। अवधेश राय पूर्व मंत्री अजय राय के बड़े भाई थे।

mukhtar ansari
शेयर करें

वाराणसी। 31 साल पुराने बनारस के चर्चित अवधेश राय हत्याकांड में माफिया मुख्तार अंसारी की सजा पर फैसला 5 जून को आएगा। अवधेश राय पूर्व मंत्री अजय राय के बड़े भाई थे। वाराणसी की एमपी/ एमएलए कोर्ट में सोमवार को मुख्तार अंसारी की वर्चुअल पेशी हुई।

केस में बहस के बाद विशेष जज ने फैसले की तारीख 5 जून तय की है। इसके पहले शुक्रवार को एमपी/ एमएलए कोर्ट में मामले की सुनवाई हुई थी। इस दौरान वादी पूर्व मंत्री अजय राय की तरफ से अधिवक्ता अनुज यादव ने बहस की।

मुख्तार अंसारी की तरफ से अधिवक्ता श्रीनाथ त्रिपाठी ने लिखित बहस दाखिल करने के लिए समय मांगा। कोर्ट ने 22 मई को सुनवाई की तारीख दी थी। जिसपर अभियोजन पक्ष ने सोमवार को अपनी जवाबी बहस लिखित में दाखिल की।

वाराणसी में 1991 में हुई थी अवधेश राय की हत्या

वाराणसी के लहुराबीर क्षेत्र में तीन अगस्त 1991 को अवधेश राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अजय राय के अनुसार, हथियारबंद हमलावरों ने उनके भाई अवधेश राय को गोली मार दी। घायल भाई को कबीरचौरा अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना को लेकर मृतक के भाई पूर्व विधायक व मंत्री अजय राय ने मुख्तार अंसारी, पूर्व विधायक अब्दुल कलाम, राकेश न्यायिक समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में इसकी जांच सीबीसीआईडी को सौंप दी गई थी। 31 साल पुराने इस मामले में अभियोजन तथा गवाहों के बयान दर्ज हो चुके हैं।

शेयर करें