नई दिल्ली। भारत और नेपाल द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेंगे। दोनों देशों ने सीमा पार संपर्क और बॉर्डर इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने के महत्व पर विशेष बल दिया। इसके तहत नई रेलवे लाइनों, पुलों, इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट और पेट्रोलियम पाइपलाइन परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ हवाई मार्ग होगा दोतरफा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह ने सोमवार को दोनों देशों के बीच व्यापार, कनेक्टिविटी और ऊर्जा सहयोग को नई गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलों की घोषणा की। दोनों नेताओं ने नागर विमानन क्षेत्र में चल रही वार्ताओं की समीक्षा की और संपर्क बढ़ाने पर सहमति जताई। इसके तहत वर्तमान काठमांडू-भैरहवा-लखनऊ (बी345) हवाई मार्ग जो अभी एकतरफा है, उसे दोतरफा बनाया जाएगा। इसके लिए दोनों पक्ष तकनीकी स्तर पर आवश्यक प्रक्रियाओं को अंतिम रूप देंगे। संयुक्त बयान में कहा गया कि दोनों देशों ने सीमा पार संपर्क और बॉर्डर इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने के महत्व पर बल दिया। इसके तहत नई रेलवे लाइनों, पुलों, इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (आईसीपी) और पेट्रोलियम पाइपलाइन परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा। दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने सरयू-कमला एक्सप्रेस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाई, जो अयोध्या और जनकपुर को जोड़ती है। माना जा रहा है कि यह रेल सेवा न केवल आवागमन को आसान बनाएगी बल्कि रामायण सर्किट के तहत धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगी तथा भारत-नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत करेगी।
बौद्ध और शिव-शक्ति धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने पर बनी सहमति
रेल संपर्क के क्षेत्र में दोनों पक्षों ने प्रस्तावित रक्सौल-काठमांडू विद्युतीकृत ब्रॉडगेज रेलवे लाइन के लिए फील्ड लोकेशन सर्वे पूरा होने की घोषणा की। साथ ही नेपाल की ईस्ट-वेस्ट रेलवे परियोजना के विकास में सहयोग करने पर भी सहमति बनी। दोनों देशों ने बौद्ध और शिव-शक्ति धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने के लिए इसी तरह के अन्य संपर्क मार्गों की संभावनाओं का भी अध्ययन करने पर सहमति व्यक्त की। सीमा संपर्क को और बेहतर बनाने के लिए भारत के धारचूला और नेपाल के दारचूला के बीच एक नए मोटर योग्य पुल का उद्घाटन किया गया, जिससे पश्चिमी नेपाल और भारत के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा। ऊर्जा क्षेत्र में दोनों देशों ने पेट्रोलियम अवसंरचना विस्तार को भी प्राथमिकता दी।
इसे भी पढ़ें : अखिलेश पर बरसे संगीत सोम, बोले- कंबल ओढ़कर राम-राम करते हैं सपा प्रमुख
नेपाल में बनेगा भारत का पहला विदेशी IIT कैंपस
जलविद्युत क्षेत्र में सहयोग को लेकर दोनों पक्षों ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग भारत-नेपाल संयुक्त ऊर्जा दृष्टि दस्तावेज और दीर्घकालिक विद्युत व्यापार समझौते के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। भारतीय कंपनियों की नेपाल के जलविद्युत क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी का स्वागत करते हुए दोनों देशों ने इन परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। शिक्षा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए दोनों नेताओं ने सहमति जताई कि भारत नेपाल में आईआईटी का पहला विदेशी परिसर स्थापित करेगा, जिससे नेपाल के उच्च शिक्षा क्षेत्र को नई मजबूती मिलने के साथ-साथ रोजगार सृजन और कौशल विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।