Patna: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी बिहार दौरे और ‘नीतीश सेतु’ के उद्घाटन को लेकर राज्य में सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच जन सुराज के संस्थापक एवं विधायक प्रशांत किशोर ने पुल के नाम को लेकर जारी विवाद पर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि बिहार के लिए सबसे जरूरी बात विकास कार्यों का पूरा होना है। पुल का नाम किसी भी व्यक्ति के नाम पर रखा जाए, इससे ज्यादा अहम यह है कि उसका निर्माण हो और जनता को इसका लाभ मिले।
प्रशांत किशोर की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार पहुंचने वाले हैं। अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन करेंगे। राज्य सरकार ने इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा है।
पटना में प्रशांत किशोर ने कहा कि पुल का निर्माण होना अच्छी बात है। उसका नाम चाहे किसी के भी नाम पर रखा जाए, बस पुल बनना चाहिए और लोगों को इसका लाभ मिलना चाहिए। वहीं मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ हुई मुलाकात पर भी उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया दी। किशोर ने कहा कि बिहार की संस्कृति में व्यक्तिगत दुश्मनी या निजी लड़ाई के लिए कोई जगह नहीं है। सार्वजनिक और सामाजिक जीवन में लोगों का एक-दूसरे से मिलना सामान्य परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके और सम्राट चौधरी के बीच जो भी मतभेद हैं, वे वैचारिक हैं और बिहार के विकास से जुड़े मुद्दों पर हैं। व्यक्तिगत स्तर पर न तो उनका सम्राट चौधरी से कोई खास संबंध या लगाव है और न ही किसी तरह की दुश्मनी है।
इसके साथ ही छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना के अवसर पर प्रशांत किशोर ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कामना की है कि आने वाले समय में बिहार में ऐसा छठ पर्व मनाने का अवसर मिले, जब राज्य में खुशहाली और समृद्धि हो, विकास की रफ्तार तेज हो और हर तरफ शांति का माहौल कायम रहे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।