Mumbai: लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर समुद्र तटों, झीलों और तालाबों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) ने विशेष बस सेवा शुरू करने का फैसला किया है। इसके तहत 15 और 16 नवंबर को जुहू बीच, दादर चौपाटी, पवई और गोराई क्रीक सहित प्रमुख छठ पूजा स्थलों के लिए अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराई जाएंगी।
रविवार दोपहर 2 बजे से BEST की 15 अतिरिक्त बसें सड़कों पर उतरेंगी। इनका संचालन रूट नंबर 231, 203, 339, A-256 और A-203 पर किया जाएगा। इन बसों के जरिए सांताक्रूज, अंधेरी, मालवानी, बोरीवली और जुहू जैसे इलाकों को जोड़ा जाएगा।
वहीं, सोमवार सुबह 6 बजे से 7:30 बजे तक रूट नंबर A-203, 231 और 203 पर 6 से 7 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इन बसों की मदद से छठ पूजा के बाद श्रद्धालु जुहू बीच और जुहू बस स्टेशन से अपने गंतव्य तक वापस लौट सकेंगे।
डिपो मैनेजरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बैकबे, वर्ली, सांताक्रूज, ओशिवारा, मालवानी, गोराई, दिंडोशी, विक्रोली और मुलुंड समेत प्रमुख इलाकों में समुद्र तटों, चौपाटियों, तालाबों और झीलों के आसपास अधिकारियों और निरीक्षकों की तैनाती सुनिश्चित करें। वहीं, छत्रपति शिवाजी महाराज पार्क, जुहू बीच और जुहू बस स्टेशन से गुजरने वाले मार्गों पर बसों का संचालन उनकी पूरी क्षमता के साथ किया जाएगा।
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रविवार दोपहर से सोमवार सुबह 8 बजे तक जुहू बीच पर सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। इसके तहत एक सुरक्षा अधिकारी, एक हवलदार और दो गार्ड तैनात किए जाएंगे। साथ ही, रविवार दोपहर 3 बजे से किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बीच पर ब्रेकडाउन वैन भी उपलब्ध रहेगी। यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जुहू बीच, जुहू बस स्टेशन और सांताक्रूज वेस्ट स्टेशन पर निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
बेस्ट प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की संख्या और मांग में बढ़ोतरी होने पर जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त बसें भी सड़कों पर उतारी जा सकती हैं। इसके अलावा, सभी डिपो प्रबंधकों को 20 नवंबर तक बस संचालन, कुल ट्रिप, राजस्व, यात्रियों की संख्या और अलग-अलग रूटों के प्रदर्शन से जुड़ी रिपोर्ट और फीडबैक योजना विभाग को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।