भारत के प्रमुख लोक आस्था के पर्वों में शामिल छठ महापर्व का इंतजार अब खत्म होने वाला है। सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देने वाला यह पावन त्योहार कल से नहाय-खाय की परंपरा के साथ शुरू होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में व्रती महिलाएं और पुरुष पूरी श्रद्धा, पवित्रता और नियम-निष्ठा के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की आराधना करते हैं। छठ का पर्व विशेष रूप से बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बड़े उत्साह से मनाया जाता है। हालांकि, अब इसकी रौनक देश के अलग-अलग राज्यों और विदेशों में भी देखने को मिलती है।
नहाय-खाय से शुरू होगी छठ की कठिन साधना
छठ महापर्व का पहला दिन नहाय-खाय कहलाता है। इस दिन व्रती सुबह स्नान करके घर और पूजा स्थल की साफ-सफाई करते हैं। इसके बाद सात्विक भोजन ग्रहण कर व्रत का संकल्प लेते हैं। इस दिन भोजन बनाने में विशेष शुद्धता का ध्यान रखा जाता है। आमतौर पर चावल, चने की दाल और कद्दू या लौकी की सब्जी तैयार की जाती है। जिसमें केवल सेंधा नमक और शुद्ध घी का प्रयोग किया जाता है। भोजन बनाने से लेकर उसे ग्रहण करने तक स्वच्छता और नियमों का विशेष पालन किया जाता है।
खरना के साथ शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत
छठ महापर्व के दूसरे दिन को खरना कहा जाता है। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करते हैं। खरना का प्रसाद मुख्य रूप से गुड़ की खीर, रोटी और फलों से तैयार किया जाता है। इसे ग्रहण करने के बाद लगभग 36 घंटे तक चलने वाला निर्जला व्रत शुरू हो जाता है। इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग करते हैं। यही वजह है कि छठ को कठिन व्रतों में से एक माना जाता है।
सूर्य को दिया जाएगा पहला अर्घ्य
महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य की परंपरा निभाई जाती है। इस दिन व्रती परिवार के सदस्यों के साथ नदी, तालाब या अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचते हैं। वहां पूजा की विशेष व्यवस्था की जाती है। बांस की टोकरी और सूप में ठेकुआ, फल, गन्ना और अन्य पूजन सामग्री सजाई जाती है। शाम को डूबते सूर्य को जल और दूध से अर्घ्य अर्पित किया जाता है। इस दौरान छठी मैया के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है।
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा समापन
छठ महापर्व के अंतिम दिन सुबह उषाकाल में व्रती एक बार फिर घाटों पर पहुंचते हैं। उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की जाती है। सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रती पूजा संपन्न करते हैं और प्रसाद ग्रहण कर अपना व्रत खोलते हैं। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का समापन हो जाता है।
छठ महापर्व का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार छठ पूजा में भगवान सूर्य को ऊर्जा, स्वास्थ्य और जीवन का आधार मानकर उनकी उपासना की जाती है। सूर्य देव को प्रत्यक्ष देवता कहा गया है, क्योंकि उनकी रोशनी और ऊर्जा से ही पृथ्वी पर जीवन संभव है। वहीं, छठी मैया की पूजा संतान की खुशहाली, परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना से जुड़ी मानी जाती है।
रामायण काल के मुताबिक, लंका में रावण वध के बाद वनवास से अयोध्या लौटते समय प्रभु राम और माता सीता बिहार के मुंगेर में ऋषि मुद्गल के आश्रम पहुंचे थे, जहां उन्हें ब्रह्महत्या के पाप से मुक्ति और राज्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए इस व्रत की सलाह दी गई थी। तब ऋषि मुद्गल के मार्गदर्शन में प्रभु राम और माता सीता ने गंगा तट पर रहकर यह कठिन व्रत और सूर्य उपासना की थी। मुंगेर, माता सीता के छठ व्रत की कहानी से काफी करीब से जुड़ा है। सीता चरण के नाम से प्रसिद्ध मंदिर गंगा में एक चट्टानी जगह पर है। भक्तों का मानना है कि, पत्थर पर बने पैरों के निशान माता सीता के हैं।
महाभारत काल से जुड़ी मान्यताओं के अनुसार, अंगराज कर्ण भगवान सूर्य के अनन्य उपासक थे। कहा जाता है कि वे प्रतिदिन कई घंटों तक कमर तक जल में खड़े रहकर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करते थे। उनकी इसी गहरी सूर्य भक्ति को छठ पूजा की परंपरा से जोड़कर देखा जाता है। एक अन्य पौराणिक मान्यता के मुताबिक, जब पांडव जुए में अपना पूरा राजपाट गंवा बैठे थे, तब भगवान श्रीकृष्ण की सलाह पर द्रौपदी ने छठ का व्रत किया था। मान्यता है कि इस व्रत के प्रभाव से उनकी मनोकामनाएं पूरी हुईं और पांडवों को दोबारा अपना खोया हुआ राज्य प्राप्त हुआ था।
इस पर्व की एक खास बात यह भी है कि इसमें केवल उगते सूर्य ही नहीं, बल्कि अस्त होते सूर्य को भी अर्घ्य दिया जाता है। यह परंपरा जीवन में हर अवस्था के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का संदेश देती है।
छठ महापर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि लोक संस्कृति, पारिवारिक एकजुटता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। इस दौरान जाति, वर्ग और आर्थिक स्थिति से ऊपर उठकर लोग एक साथ घाटों की सफाई करते हैं और पूजा की तैयारियों में सहयोग देते हैं। यही विशेषता छठ को भारतीय संस्कृति के सबसे अनूठे और आस्था से जुड़े पर्वों में स्थान दिलाती है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।