Washington: अमेरिका के नवनिर्वाचित भारतीय-अमेरिकी सांसद डॉ. अमीश शाह ने भारत-अमेरिका संबंधों में सुधार के लिए राष्ट्रपति के टैरिफ लगाने के अधिकार पर कांग्रेस के नियंत्रण की वकालत की है। कांग्रेस को यह अधिकार वापस लेना चाहिए, ताकि भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जा सके।
बुधवार (स्थानीय समयानुसार) को भारतीय पत्रकारों के एक समूह से बात करते हुए, एरिजोना के पहले कांग्रेसनल डिस्ट्रिक्ट से निर्वाचित शाह ने कहा कि कांग्रेस में उनके काम का मुख्य केंद्र लागत को कम करना होगा। उन्होंने ‘इंडिया कॉकस’ में शामिल होने का भी वादा किया और कहा कि टैरिफ विवादों को सुलझाने से वाशिंगटन और नई दिल्ली के बीच संबंधों को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।
भारत-अमेरिका संबंधों की मौजूदा स्थिति पर शाह ने कहा कि टैरिफ उन प्रमुख कारणों में से एक रहे हैं, जिनकी वजह से दोनों देशों के रिश्तों में कुछ तल्खी आई है। इसका असर केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया के अन्य देशों के साथ भी अमेरिका के संबंध प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा, “टैरिफ लगाने का अधिकार राष्ट्रपति के बजाय कांग्रेस के पास होना चाहिए। कांग्रेस को अपना संवैधानिक अधिकार वापस लेना चाहिए।” उनका मानना है कि ऐसा होने के बाद भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को बेहतर बनाने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
भारतीय-अमेरिकी सांसद अमीश शाह ने कहा कि भारतीय-अमेरिकी कारोबारी समुदाय ने भी टैरिफ को लेकर अपनी चिंताएं उनके सामने रखी हैं। कई उद्यमियों ने उनसे शिकायत की है कि बार-बार टैरिफ लगाए जाने और हटाए जाने से उनके कारोबार पर असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा, “भारतीय उद्यमियों की समस्याएं केवल एक समुदाय का मुद्दा नहीं हैं, बल्कि इनका संबंध अमेरिकी अर्थव्यवस्था और छोटे कारोबारियों के हितों से भी है।”
उन्होंने अपने चुनाव प्रचार के दौरान एक पिज्जा दुकान का उदाहरण देते हुए बताया कि दुकान की मालकिन ने उन्हें बताया था कि टैरिफ के कारण टमाटर महंगे हो गए हैं और पिज्जा की कीमत बढ़ानी पड़ रही है। आम अमेरिकियों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए अधिक कीमत चुकाने को मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “टैरिफ वापस लेने और इस संबंध में कांग्रेस की भूमिका मजबूत करने को वह अपनी प्राथमिकताओं में रखेंगे।”
अमेरिका में भारतीयों के खिलाफ बढ़ती नफरत और नस्लीय टिप्पणियों पर चिंता जताते हुए शाह ने कहा कि पिछले छह महीने से एक साल के दौरान उन्होंने अपने जीवनकाल में भारतीयों के खिलाफ इतनी नफरत पहले कभी नहीं देखी। उन्होंने कहा कि यह स्थिति इसलिए भी निराशाजनक है, क्योंकि भारतीय-अमेरिकी समुदाय लंबे समय से अमेरिका में उद्यमिता, रोजगार सृजन, चिकित्सा और अर्थव्यवस्था के दूसरे क्षेत्रों में योगदान देता रहा है।
शाह ने कहा कि समुदाय के लोगों के लिए ऐसी नकारात्मक टिप्पणियां सुनना दुखद है। सोशल मीडिया पर भी इस तरह की टिप्पणियां देखने को मिलती हैं। उन्होंने अपनी फुटबॉल टीम का उत्साह बढ़ा रहे छात्रों के लिए की गई टिप्पणियों को याद किया और कहा कि वे नॉर्थवेस्टर्न में अपने दिनों के दौरान खुद को उनकी जगह पर रखकर देख सकते हैं। कुछ मामलों में सार्वजनिक पदों के लिए चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की ओर से भी ऐसी बातें कही गई हैं।
उन्होंने कहा कि कई भारतीय-अमेरिकी इस माहौल में खुद को डरा हुआ और अकेला महसूस करते हैं। ऐसे समय में निर्वाचित प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे समुदाय के साथ खड़े हों, नफरत की निंदा करें और सार्वजनिक मंचों से इसके खिलाफ आवाज उठाएं। जहां जरूरत हो, वहां सुरक्षा बढ़ाने के लिए विधायी कदम भी उठाए जाने चाहिए।
धार्मिक स्थलों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए शाह ने इलिनॉय के ऑरोरा स्थित बालाजी मंदिर में नवरात्रि के दौरान हुई घटना का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी घटना थी, जिसमें बड़ा हादसा होते-होते बचा। उन्होंने कहा, ” किसी भी व्यक्ति को पूजा स्थल पर जाने के दौरान असुरक्षित महसूस नहीं करना चाहिए। यह केवल किसी एक समुदाय का मामला नहीं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़ा विषय है।”
भारतीय-अमेरिकी सांसद ने बताया कि वह बचपन में अपने परिवार के साथ इस मंदिर में जाया करते थे। इस घटना ने वहां के भारतीय समुदाय को भी प्रभावित किया, क्योंकि लोगों को लगा कि इस तरह की वारदात का शिकार वे खुद भी हो सकते थे। उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों को अपनी सार्वजनिक भूमिका का इस्तेमाल समाज में सुरक्षा और सद्भाव का संदेश देने के लिए करना चाहिए।
भारत के साथ अपने पारिवारिक संबंधों के बारे में शाह ने बताया कि उनके पूर्वज गुजरात से थे। उनकी मां बचपन में मुंबई आ गई थीं, जबकि उनके पिता के परिवार के दादा कम उम्र में कोच्चि चले गए थे। वहां उन्होंने चाय और मसालों का कारोबार शुरू किया था। शाह की मां ने 1969 में मिल्वौकी स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग में पढ़ाई शुरू की थी। उन्हें इसके लिए किसी ने स्पॉनसर किया था। शाह ने बताया कि उनकी मां हमेशा इस मदद को याद करती रहीं, क्योंकि इसी उदारता ने उनके परिवार के लिए अमेरिका में नए अवसरों का रास्ता खोला।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।