Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफिया राज की जगह अब कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति और बुलडोजर की कार्रवाई ने यूपी को निवेश का प्रमुख केंद्र बना दिया है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर अब यूपी का ब्रांड बन चुका है। अगर कंपनियां यहां बुलडोजर और ट्रैक्टर बनाएंगी, तो देश विदेश में इसकी मांग स्वतः ही बढ़ेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को सीएनएच इंडस्ट्रियल के नए ट्रैक्टर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में ₹1200 करोड़ से अधिक की लागत से यह प्लांट स्थापित हो रहा है।
जेवर अब भारत का गहना और निवेश का हब
मुख्यमंत्री ने जेवर क्षेत्र के किसानों और जनप्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि जिस क्षेत्र में कभी गोलियां चलती थीं और जो अपराध दर में सबसे ज्यादा बदनाम था, वह जेवर आज भारत के ‘गहने’ के रूप में निवेश का सर्वश्रेष्ठ गंतव्य बन चुका है। उन्होंने कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और यीडा के विकास के साथ यह पूरा क्षेत्र एक बड़े औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित हो रहा है। यहां एचसीएल फॉक्सकॉन का सेमीकंडक्टर प्लांट, मेडिकल डिवाइस पार्क, टॉय पार्क, एमएसएमई पार्क और डाटा सेंटर जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं आकार ले रही हैं।
बीमारू राज्य से देश की टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में पहुंचा उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश को पलायन, विकास में पिछड़ापन और कानून-व्यवस्था से जुड़ी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश ने बीते वर्षों में अपनी छवि और विकास की दिशा दोनों में बड़ा बदलाव किया है। अब उत्तर प्रदेश को उपद्रव के बजाय उत्सव प्रदेश के तौर पर जाना रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, फियरलेस बिजनेस और ट्रस्ट ऑफ डूइंग बिजनेस के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। उत्तर प्रदेश को टॉप अचीवर का दर्जा मिला है, जबकि डीरेग्युलेशन के मामले में राज्य देशभर में पहले स्थान पर है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, कभी बीमारू राज्यों की श्रेणी में शामिल उत्तर प्रदेश अब बॉटम फाइव से निकलकर देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में जगह बना चुका है। प्रदेश सरकार अब इसी विकास गति को आगे बढ़ाते हुए एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य की दिशा में काम कर रही है।
यूपी में निवेश को रफ्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार की नीतियों और लगातार किए जा रहे प्रयासों से निवेश का माहौल मजबूत हुआ है। बीते साढ़े नौ वर्षों के दौरान उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से करीब 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव अब जमीन पर उतर चुके हैं। वहीं, आगामी इन्वेस्टर्स समिट के जरिए 7.50 लाख करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश प्रस्तावों की ग्राउंड ब्रेकिंग की तैयारी है।
उन्होंने प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार का जिक्र करते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश में फैक्ट्रियों की संख्या पहले के 14 हजार से बढ़कर अब 35 हजार हो गई है। इसी तरह, एमएसएमई इकाइयों की तादाद बढ़कर एक करोड़ तक पहुंच गई है। स्टार्टअप के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। जहां पहले इनकी संख्या महज 120 थी, वहीं अब प्रदेश में 25 हजार स्टार्टअप संचालित हो रहे हैं।
किसानों को आधुनिक तकनीक और युवाओं को रोजगार देगा CNH का नया प्लांट
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएनएच इंडस्ट्रियल की ओर से 100 एकड़ क्षेत्र में स्थापित किया जाने वाला नया प्लांट उत्तर प्रदेश में कृषि यंत्रीकरण और आधुनिक विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती प्रदान करेगा। इस परियोजना पर 1,200 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिससे प्रदेश में हजारों लोगों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने बताया कि देश के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 18.5 प्रतिशत है। ऐसे में इस नए निवेश से न केवल कृषि क्षेत्र को आधुनिक तकनीक का लाभ मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सीएनएच प्रबंधन को भरोसा दिलाया कि परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की ओर से हर जरूरी सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
युवाओं को उद्योगों की जरूरत के मुताबिक कौशल प्रशिक्षण देने पर फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार के लिए बेहतर तरीके से तैयार करने के उद्देश्य से उन्हें उद्योगों की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए टाटा, सैमसंग, माइक्रोसॉफ्ट, आईबीएम, इंफोसिस और एचसीएल जैसी प्रमुख कंपनियों के साथ साझेदारी की गई है। इस पहल के जरिए प्रदेश की बड़ी युवा आबादी की क्षमता को कौशल विकास से जोड़कर इंडस्ट्री रेडी वर्कफोर्स तैयार की जा रही है।
उन्होंने कहा कि आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर सिक्योरिटी, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे तेजी से उभरते क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश अपनी मौजूदगी मजबूत कर रहा है। इन क्षेत्रों में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के साथ ही युवाओं के लिए रोजगार और करियर के नए अवसर भी विकसित किए जा रहे हैं।
कई वरिष्ठ मंत्री, सांसद और उद्योग जगत के प्रतिनिधि रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्य मंत्री सरदार बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा और राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने शिरकत की। इनके अलावा विधायक धीरेंद्र सिंह एवं तेजपाल सिंह नागर और एमएलसी श्रीचंद शर्मा भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
प्रशासनिक और औद्योगिक क्षेत्र से यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह, सीएनएच की चेयरपर्सन लेडी सुजैन हेवुड और कंपनी के सीईओ गैरीट मार्क्स समेत कई अन्य विशिष्ट अतिथि भी समारोह का हिस्सा बने।
✍️आलोक गुप्ता
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।