गाजियाबाद के वसुंधरा पुलिस चौकी पर हुए संदिग्ध धमाके ने एक बार फिर से पाक गैंगस्टर शहजाद भट्टी नेटवर्क को खबरों में ला दिया है। आएसआई के ईशारे पर भारत के खिलाफ भारतीय युवाओं को ही इस्तेमाल कर दहशहत फैलाने वाले इस नेटवर्क को गृह मंत्रालय ने पहले ही आतंकी संगठन घोषित कर दिया था। अगर आप सोशल मीडिया फ्लेटफार्म का इस्तेमाल करते हैं तो शहजाद भट्टी नेटवर्क पर प्रतिबंध लगाने की ये कहानी आपको जानना बहुत जरूरी है। शहजाद भट्टी नेटवर्क पर लगा प्रतिबंध अचानक लिया गया फैसला नहीं था। इसके पीछे कई महीनों की पुलिस कार्रवाई, गिरफ्तारियां, सोशल मीडिया खातों पर बंदिश और देश के कई राज्यों में चला अभियान है। प्रतिबंध के बाद इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप चैनल या स्नैपचैट के कुछ खास खातों के पोस्ट या वीडियो देखने, लाइक या शेयर करने जैसी गतिविधियां भी गंभीर कानूनी सवाल खड़े कर सकती हैं। 16 सितंबर 2026 को भारत सरकार ने शहजाद भट्टी नेटवर्क को यूएपीए के तहत आतंकवादी संगठन घोषित कर दिया। इसके बाद बहुत कुछ बदल गया है। नेटवर्क को आतंकवादी संगठन घोषित करने के लिए विघटन, दृश्यता में कमी और प्रतिबंध की नीति अपनाई गई।
क्या–क्या बदल गया
यूएपीए के तहत आतंकवादी संगठन घोषित होने के बाद इससे जुड़े लोगों पर बीएनएस नहीं, यूएपीए के तहत कार्रवाई होगी। इसके तहत पुलिस को तीस दिन तक की कस्टडी के अलावा जांच के लिए छह माह का समय मिल जाता है। बीएनएस के तहत सिर्फ 15 दिन की हिरासत और 60 से 90 दिनों में जांच पूरी करनी होती है। बीएनएस में पुलिस को आरोपी पर दोष साबित करने की जिम्मेदारी होती है, जबकि यूएपीए में यह काम आरोपी का हो जाता है। इसके तहत हर तरह की मदद, चाहे वह किसी भी तरह की हो, पहुंचाने वाले शख्स को यूएपीए के तहत गिरफ्तार किया जा सकता है। उसकी संपत्ति कुर्क की जा सकती है। संक्षेप में कहें तो इस नेटवर्क के लिए किसी भी तरह का काम करने वाले को इसका सदस्य माना जाता है। साथ ही उसे आजीवन कारावास या मृत्युदंड तक मिल सकता है।
क्या है शहजाद भट्टी नेटवर्क
शहजाद भट्टी नेटवर्क भारत में आतंकी और उससे जुड़ी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के निर्देशन और नियंत्रण में काम करता है। पाकिस्तान की आईएसआई की निगरानी में नशीले पदार्थों, हथियारों और आतंकी गतिविधियों में अनोखे तरीके से काम करने के लिए शहजाद भट्टी नेटवर्क को जाना जाता है।
शहजाद भट्टी नेटवर्क के हैंडलर मुख्य रूप से यूट्यूब, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप, टेलीग्राम, सिग्नल, स्नैपचैट और अन्य सोशल मीडिया मंचों का इस्तेमाल करते हैं। इसका मकसद भारत के स्थानीय युवाओं, नशे के आदी युवाओं, छोटे अपराधियों और मुश्किल हालात में फंसे लोगों को भर्ती करना और उनका ब्रेनवॉश करना है। इनसे जासूसी, टारगेट किलिंग, आईईडी या ग्रेनेड हमले, नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी, जबरन वसूली आदि जैसे काम सौंपे जा सकें।
जांच में यह भी पता चला है कि शहजाद भट्टी नेटवर्क के संबंध बब्बर खालसा इंटरनेशनल यानी बीकेआई से हैं, जो पहले से ही यूएपीए के तहत प्रतिबंधित आतंकी संगठन है। शहजाद भट्टी नेटवर्क अब तक 15 राज्यों यानी दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, गुजरात, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में अपनी जड़ें जमा रहा था।
कौन है शहजाद भट्टी
लगभग 31 साल के शहजाद भट्टी के बारे में बताया जाता है कि वह पाकिस्तान के बहावल नगर का रहने वाला है। उसके पास तीन पासपोर्ट हैं। शहजाद भट्टी के संबंध पाकिस्तान के दूसरे गैंगस्टरों ज़फर सुपारी, शानी टाइगर और फारूक खोखर, जिन्हें सोशल मीडिया पर ‘333’ के नाम से जाना जाता है, से गहरे हैं। ये लोग अमेरिका, पाकिस्तान, यूनाइटेड किंगडम, ब्राजील, दुबई और कतर के कंट्री कोड वाले मोबाइल नंबर इस्तेमाल कर रहे हैं।
शहजाद भट्टी नेटवर्क में कौन–कौन
शहजाद भट्टी नेटवर्क में शहजाद इसका चीफ है, जबकि ज़फर सुपारी, शानी टाइगर और फारूक खोखर करीबी सहयोगी के रूप में काम करते हैं। आबिद जट्ट आतंकी हमलों के लिए लोगों को भर्ती करना और उन्हें काम सौंपने का काम करता है। राणा हुनैन का काम भर्ती, फंडिंग और सीमा पार हथियारों की तस्करी है। इसी तरह वकास अहमद उर्फ विक्की जट्ट का काम जासूसी गतिविधियों के लिए भर्ती करना है। सुहैल बलूच का काम आतंकी हमलों के लिए भर्ती और काम सौंपना है। हसन गुज्जर सीमा पार हथियारों की तस्करी और जासूसी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और फंडिंग का काम करता है। सत्तम बलूच का काम आतंकी हमलों के लिए भर्ती और काम सौंपना है। हमजा डोगर का काम सीमा पार हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी है और मलिक सीमा पार हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी करता है। अजमल गुज्जर के जिम्मे भर्ती, सीमा पार हथियारों की तस्करी और युवाओं को सांप्रदायिक आधार पर भड़काने का काम है।
ऐसे लगा प्रतिबंध
एसबीएन यानी शहजाद भट्टी नेटवर्क पर प्रतिबंध लगाने की नींव मई में पड़ी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल शहजाद भट्टी नेटवर्क के कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी थी। उनसे पूछताछ में कई सनसनीखेज खुलासे सामने आ रहे थे। स्पेशल सेल अब तक डेढ़ दर्जन के करीब मुकदमे दर्ज कर नेटवर्क से जुड़े करीब 70 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस मुख्यालय में दो आला अफसरों को चिंता हुई कि जिस तेजी से यह नेटवर्क फैल रहा है, उससे दिल्ली सहित कई राज्यों को बड़ा खतरा हो सकता है। इसके बाद तत्कालीन पुलिस कमिश्नर के साथ खुफिया विभाग के तत्कालीन निदेशक को कुकुरमुत्ते की तरह फैल रहे शहजाद भट्टी नेटवर्क के खतरे से आगाह किया गया। संभावित खतरे को भांपते हुए तब मई महीने में ही शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ पहला ऑपरेशन हुआ। इसके तहत देश भर में सैकड़ों युवा पकड़े गए। इनमें से कईयों को गिरफ्तार किया गया तो कईयों पर बंदिश लगाई गई।
इन बंदिशों में 212 इंस्टाग्राम खाते, करीब 17 व्हाट्सऐप चैनल और 5 स्नैपचैट खातों को ब्लॉक किया गया। इन सब पर ‘333’ के नाम से शहजाद भट्टी का नेटवर्क चल रहा था।
नेटवर्क को पूरी तरह काबू करने के लिए 12 से 14 अगस्त को 14 राज्यों में फिर से ऑपरेशन चला, जिसमें 253 लोग पुलिस नेट के कब्जे में आए।
गृह मंत्री अमित शाह ने खुद इस पर प्रतिबंध लगाए जाने की घोषणा की है। इसके बाद अगर किसी भी तरह का सहयोगी गिरफ्त में आता है तो उसके खिलाफ यूएपीए के तहत कार्रवाई होगी। दिल्ली पुलिस जल्द ही इसको लेकर सोशल मीडिया अभियान चलाने की तैयारी भी कर रही है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।