लखनऊ । उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गईं हैं। छोटे-बड़े सभी राजनीतिक दल राज्य में सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने भी दावा किया कि उनका गठबंधन ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन करेगा।
उत्तर प्रदेश में आसन्न विधानसभा चुनाव को देखते हुए असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम और सांसद चंद्रशेखर आजाद की पार्टी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन का ऐलान किया है। इसके साथ ही चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है।
आजाद ने कहा कि ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ यूपी में सत्ता परिवर्तन करेगा, क्योंकि लोगों ने इस मोर्चे के साथ जाने का फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने नौ साल से अधिक समय से भाजपा का शासन देखा है। प्रदेश की भाजपा सरकार में युवाओं को रोजगार नहीं मिला, रोजगार पर डंडा चलाया गया, स्कूलों को बंद कर दिया गया। किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम नहीं मिला। धार्मिक अधिकार छीने गए। हर वर्ग इस सरकार से दुखी है। इसीलिए, सभी वर्गों ने संकल्प लिया है कि भाजपा को सत्ता से बाहर किया जाए। जब हमारा गठबंधन जमीन पर उतरेगा तो ऐतिहासिक जनसमर्थन मिलेगा, भाजपा की विदाई तय है।
आजाद ने उनके गठबंधन करने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर कहा कि अच्छी बात है कि वे शुभकामनाएं दे रहे हैं। हम तो सत्ता पक्ष से लड़ रहे हैं, मैंने तो उनको भी अवसर दिया था। उन्हें यह बात अभी समझ में नहीं आई है। लोकतंत्र में चुनाव लड़ने का सभी को अधिकार है। जब वे मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में लड़ सकते हैं, जम्मू में लड़ सकते हैं, तो सभी पार्टियां चुनाव लड़ सकती हैं। हम तो उत्तर प्रदेश के हैं तो हम तो मजबूती से लड़ेंगे ही और चुनाव भी जीतेंगे। हमारा अलायंस कमजोर लोगों की आवाज उठाएगा। हम उनका वोट लेकर घर में नहीं बैठने वाले हैं। उनके मुद्दों को मजबूती से उठाकर उनकी ताकत बनेंगे, उनकी आवाज बनेंगे।
उधर, कांग्रेस नेता इमरान मसूद ने ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर कई सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस गठबंधन के चुनाव लड़ने से किसको फायदा होगा। उन्होंने बिहार चुनाव की उदाहरण देते हुए कहा कि इससे सिर्फ भाजपा को ही फायदा होगा।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।