मैसूरू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत का स्पेस मिशन मानवता के कल्याण के लिए समर्पित है। यह बात उन्होंने शुक्रवार को मैसूरु में बने कॉसमॉस प्लेनेटेरियम के उद्घाटन अवसर पर कही। प्लेनेटेरियम को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स ने बनाया है। यह भारत का पहला एलईडी डोम प्लेनेटेरियम है।
उद्घाटन अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि कुछ माह पहले ही मैं विवेका स्मारक के उद्घाटन के लिए यहां आया था और अब कॉसमॉस प्लेनेटेरियम के उद्घाटन के लिए आप सभी के बीच उपस्थित हुआ हूं। ये दोनों ही अवसर, भारत के संस्कार और हमारी संस्कृति के बारे में गहरा संदेश देते हैं। विवेका स्मारक हमें अपने भीतर झांकने और आध्यात्मिक ज्ञान की खोज करने की प्रेरणा देता है। वहीं कॉसमॉस में हमारी नजरें आकाश की तरफ बढ़ती हैं और इसके ब्रह्माण्ड के रहस्यों को समझने के लिए प्रेरित करती हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत में अध्यात्म और विज्ञान की परंपराएं हमेशा साथ-साथ आगे बढ़ी हैं। हमारे पूर्वज आकाश का बहुत बारीकी से अध्ययन किया करते थे। उन्होंने तारों और ग्रहों की गति को समझा, उन्होंने कैलेंडर बनाए। सूर्य और चंद्र ग्रहण की गणना की। भारत में आर्यभट, वराहमिहिर, भास्कराचार्य और नीलकंठ सोमयाजी जैसे अनेक महान एस्ट्रोनॉमर हुए। आज जैसी एडवांस टेक्नोलॉजी और इंस्ट्रूमेंट्स उस समय नहीं थे, इसके बावजूद उन्होंने बड़ी-बड़ी खोजें कीं, मुश्किल से मुश्किल कैलकुलेशन किए।
उन्होंने कहा कि मैसूरु में ऐसी संस्थाओं के निर्माण की परम्परा रही है। महाराजा नारुडी कृष्णा वाडियार के समय ही मैसूरु यूनिवर्सिटी की स्थापना हुई थी। उनके परिवार ने बेंगलुरु में आईआईटी की नीव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इन संस्थानों ने कई पीढ़ी के छात्रों और शोधकर्ताओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए हैं। आज, जब भारत विज्ञान के क्षेत्र में एक के बाद एक मील के पत्थर हासिल कर रहा है, तो मैसूरु अपने अत्याधुनिक ‘कॉसमॉस तारामंडल’ के जरिए भारत की वैज्ञानिक यात्रा में एक नया अध्याय जोड़ रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ये भारत का पहला एलईडी डोम प्लेनेटेरियम है। मुझे भी इसके अंदर एक शो देखने का अवसर मिला, जो अपने आप में एक शानदार अनुभव रहा। इसके निर्माण में शामिल लोगों को धन्यवाद देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को भी बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारे देश में लंबे समय से एक आह्वान चला आ रहा था, ‘जने इसमें ‘जय विज्ञान’ और मैंने इसमें ‘जय अनुसंधान’ भी जोड़ दिया। इक्कीसवीं सदी का भारत इसी विजन के साथ आगे बढ़ रहा है। इसमें युवा भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे छात्र विज्ञान के अन्य क्षेत्रों में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस साल अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में बड़ी उपलब्धियां हासिल की है। सभी विद्यार्थियों ने गोल्ड या सिल्वर मेडल जीता, ये एक रिकॉर्ड उपलब्धि रही है। जब युवाओं को सहयोग, अवसर मिलते हैं तो वे बड़ी उपलब्धियां हासिल करके दिखते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत हमेशा से ‘ह्यूमैनिटी फर्स्ट’ के मंत्र को लेकर आगे चला है। भारत का स्पेस मिशन भी मानवता के कल्याण के लिए समर्पित रहा है। जैसे हमारे फिशरमैन भाइयों के लिए इसरो ने एक सैटेलाइट कम्युनिकेशन सिस्टम विकसित किया है। इस सिस्टम की मदद से, जिन नावों में रिसीवर लगे हैं, तूफान के समय उन तक अधिकारी समय पर अलर्ट पहुंचा सकते हैं और उनके किनारे तक पहुंचने तक उन्हें ट्रैक भी कर सकते हैं। बहुत से लोग ट्रेन की लाइव लोकेशन ट्रैक कर पाने में सक्षम हैं। ये जानकारी रेलवे और इसरो द्वारा विकसित रियल टाइम ट्रैन ट्रैकिंग सिस्टम से मिलती है। प्रधानमंत्री फसलबीमा योजना में भी सैटेलाइट के डाटा का इस्तेमाल किया जाता है। आज सैटेलाइट का इस्तेमाल लोगों का जीवन बेहतर बनाने के लिए हो रहा है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।