नई दिल्ली। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का हाल एक ऐसे बच्चे जैसा है जो मेले में अपनी मनपसंद खिलौना नहीं मिलने पर रोने लगता है और अनाप-शनाप बोलने लगता है। उन्होंने कहा कि विदेशी ताकतों के प्रभाव में आकर नेता प्रतिपक्ष देश विरोधी बातें करते हैं।
मोदी विरोध करते-करते भारत का विरोध करने लगे राहुल गांधी
उन्होंने कहा कि सत्ता नहीं मिलने पर राहुल गांधी ने सस्ता रास्ता अपना लिया है। वे सट्टे के माध्यम से सत्ता हासिल करना चाहते हैं और इसके लिए भारत के लोगों का विश्वास, देश की अस्मिता और विकास दांव पर लगे हुए हैं। ठाकुर ने कहा कि सट्टे से सत्ता नहीं मिलती, बल्कि सेवा से मिलती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तप, तपस्या और त्याग के माध्यम से सत्ता में आए और लोगों की सेवा कर रहे हैं। ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी दुनियाभर के देशों में जाकर भारत की अर्थव्यवस्था की आलोचना करते हैं और देश को लेकर भला-बुरा बोलते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी ऐसी बातें क्यों कहते हैं, जिन्हें भारत-विरोधी ताकतें और विशेष रूप से पाकिस्तान सुनना पसंद करते हैं। पाकिस्तान में बैठे राहुल गांधी के दोस्त उनकी बातों से खुश हो सकते हैं लेकिन भारतवासी ऐसी टिप्पणियों से खुश नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करते-करते राहुल गांधी भारत का विरोध करने लगे हैं और देश की अस्मिता तथा भारतीयों के विश्वास पर प्रहार कर रहे हैं।
राहुल गांधी के बयानों से पाकिस्तान होता है खुश
भाजपा सांसद ने अर्थव्यवस्था के आंकड़े पेश करते हुए कहा कि भारत की विकास दर 7.1 प्रतिशत है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ), विश्व बैंक, मूडीज और एसएंडपी ग्लोबल जैसी संस्थाओं ने भारत की विकास दर सात प्रतिशत से अधिक रहने की बात कही है। ठाकुर ने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी को ये आंकड़े दिखाई नहीं देते। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत की कम ब्याज दरों और मजबूत आर्थिक विकास की तारीफ का भी उल्लेख किया। ठाकुर ने कहा कि ट्रंप ने भी कहा है कि भारत की ब्याज दर कम है, लेकिन उसकी अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। अनुराग ठाकुर ने दिवाली के दौरान जीएसटी संग्रह और कारोबार का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दिवाली पर रिकॉर्ड दो लाख 30 हजार करोड़ रुपए का जीएसटी संग्रह हुआ और अक्टूबर महीने में त्योहार के दौरान सात लाख करोड़ रुपए का कारोबार दर्ज किया गया। जापान की क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने 1988 के बाद पहली बार भारत को ट्रिपल ए रेटिंग दी है। वहीं, एसएंडपी ग्लोबल ने भारत की रेटिंग ट्रिपल बी माइनस से बढ़ाकर ट्रिपल बी कर दी है। ये आंकड़े भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति को दर्शाते हैं।
. आतंकवाद बंद होने तक पाकिस्तान से बातचीत नहीं
भाजपा सांसद ने परचेजिंग पावर पैरिटी यानी पीपीपी के आधार पर भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बताया। उन्होंने कहा कि सितंबर तक देश का विदेशी मुद्रा भंडार 785 अरब अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। ठाकुर ने बेरोजगारी के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि बेरोजगारी दर 4.9 प्रतिशत है, जो पिछले आठ महीनों में सबसे कम है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी दर पांच प्रतिशत है, जबकि ग्रामीण महिलाओं में यह 3.8 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 8.7 प्रतिशत दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि शहरी बेरोजगारी दर पिछले पांच महीनों में सबसे कम है। रोजगार के संबंध में अनुराग ठाकुर ने कहा कि 2024 और 2025 के दौरान 2.60 करोड़ लोग नेट फॉर्मल वर्कफोर्स में जुड़े हैं। औपचारिक और अनौपचारिक दोनों क्षेत्रों में रोजगार बढ़ा है। पाकिस्तान के मंत्री के दिल्ली दौरे और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उसकी मौजूदगी से जुड़े सवाल पर ठाकुर ने कहा कि भारत का रुख स्पष्ट है। जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद बंद नहीं करता, तब तक उसके साथ द्विपक्षीय बातचीत नहीं होगी। आतंकवाद के प्रति भारत की जीरो टॉलरेंस की नीति है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।