मुख्य सामग्री पर जाएँ

इंडिया वॉइस

Breaking News सभी अपडेट
देश

सीमा पार आतंकवाद पर सवाल सुनते ही पाकिस्तानी मंत्री ने बदला रुख

Desk

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मामलों के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक की यह यात्रा 2023 में गोवा में आयोजित एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री की पहली भारत यात्रा है।

सीमा पार आतंकवाद पर सवाल सुनते ही पाकिस्तानी मंत्री ने बदला रुख
The Pakistani minister changed his stance the moment the question about cross-border terrorism was raised.
शेयर करें

नई दिल्ली। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मामलों के संघीय मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने नई दिल्ली में आयोजित पहले शंघाई सहयोग संगठन सभ्यतागत संवाद मंच का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र के सभी देशों को एक साथ आने और सीमाओं से परे विचारों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करता है। हालांकि वह सीमा पार आतंकवाद पर पूछे गए सवाल से बचते रहे और सीधे जवाब देने के बजाय बहुपक्षीय मुद्दों पर बातचीत की बात कहकर सवाल टाल दिया।

‘हमारा आना-जाना रहेगा’, भारत-पाकिस्तान संबंधों पर मुसादिक मलिक का बयान

मलिक से जब भारत आने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि दोबारा आप गिला नहीं करेंगे और हमारा आना-जाना रहेगा। उनसे जब सीमा पार आतंकवाद को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस मंच पर द्विपक्षीय नहीं बल्कि बहुपक्षीय मुद्दों पर बातचीत होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस विषय पर बात होगी लेकिन फिलहाल एससीओ के मंच पर बहुपक्षीय मामलों पर चर्चा की जानी चाहिए। मलिक ने कहा कि विभिन्न सभ्यताओं और संस्कृतियों के बीच संवाद होना अच्छी बात है। ऐसे आयोजनों की संख्या बढ़नी चाहिए।

बदलती भू-राजनीतिक परिस्थितियों में बातचीत जरूरी

उन्होंने कहा कि पूरा क्षेत्र इस समय बदलाव के दौर से गुजर रहा है और भू-राजनीतिक परिस्थितियां भी तेजी से बदल रही हैं। ऐसे में सबसे आसान और बेहतर तरीका उन मुद्दों पर बातचीत करना है जो सभी देशों को प्रभावित करते हैं। पाकिस्तानी मंत्री ने कहा कि विभिन्न संस्कृतियों और सभ्यताओं के प्रभावों पर चर्चा करना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा,यह एक बहुत स्वागत योग्य पहल है। मैं एससीओ का आभारी हूं कि वह ऐसे मंचों का आयोजन कर रहा है। इससे क्षेत्र के सभी देशों को एक साथ आने और सीमाओं से परे विचारों पर चर्चा करने का अवसर मिलता है। क्षेत्र के देशों के बीच ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए मलिक ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के साथ-साथ भारत, पाकिस्तान, रूस, चीन और मध्य एशियाई देशों के बीच भी ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है।

2023 के बाद पहली बार भारत आए पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक

उन्होंने कहा कि यदि पुरातात्विक उत्खनन स्थलों को देखा जाए तो वहां भी इन सभ्यताओं के बीच संवाद और संपर्क के प्रमाण मिलेंगे। मलिक की यह यात्रा 2023 में गोवा में आयोजित एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री की पहली भारत यात्रा है। उस बैठक में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो शामिल हुए थे। इससे पहले 14 नवंबर को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी थी कि सरकार ने नई दिल्ली में आयोजित होने वाले एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए मुसादिक मसूद मलिक को नामित किया है।

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।

शेयर करें