मुख्य सामग्री पर जाएँ

इंडिया वॉइस

Breaking News सभी अपडेट
उत्तर प्रदेश

अखिलेश का बड़ा ऐलान, सपा सरकार बनने पर खत्म होगी अग्निवीर योजना

Desk

सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में पूर्व मंत्री अवधेश चौहान, अनिल कसाना, उत्पल राय, विनय प्रताप, वीरेंद्र, अदनान अशरफ खान और महेश कुमार बबलू समेत कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

अखिलेश यादव का बड़ा ऐलान, सपा सरकार बनने पर खत्म होगी अग्निवीर योजना
Akhilesh Yadav makes a major announcement: the Agnipath scheme will be scrapped if an SP government is formed.
शेयर करें

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी ने शनिवार को अपने राजनीतिक कुनबे का विस्तार किया। कई दलों के नेता शनिवार को सपा में शामिल हुए जिनका पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना समाप्त की जाएगी।

अखिलेश यादव ने बढ़ाया सपा का कुनबा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में पूर्व मंत्री अवधेश चौहान, अनिल कसाना, उत्पल राय, विनय प्रताप, वीरेंद्र, अदनान अशरफ खान और महेश कुमार बबलू समेत कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सभी का स्वागत करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में भाजपा देश और प्रदेश के सामने सबसे बड़ा संकट है। भाजपा के सत्ता से हटने पर ही इस संकट से मुक्ति मिल सकेगी। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के लोगों को लगने लगा है कि कमल मुरझा गया है इसलिए अब वे राधे-राधे कहने लगे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे यहां विदाई के समय भी राधे-राधे कहा जाता है। इस बार जनता भाजपा सरकार की विदाई करने जा रही है। सपा अध्यक्ष ने पार्टी में शामिल हुए नेताओं को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी और भाजपा सरकार में उनके साथ किसी तरह का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

10 साल से एक ही कुर्सी पर जमे अधिकारियों को हटाने की तैयारी

उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना समाप्त की जाएगी। पार्टी की वेबसाइट पर जनता की ओर से दिए जा रहे सुझावों को भी गंभीरता से लेकर उन पर काम किया जाएगा। अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार में प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अधिकारी सत्ता के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसे कई अधिकारी हैं, जो पिछले 10 वर्षों से एक ही कुर्सी पर जमे हुए हैं। ऐसे अधिकारियों को हटाने के लिए समाजवादी पार्टी के सभी विधायकों के हस्ताक्षर से ज्ञापन दिया जाएगा। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण और वोट कटने के मुद्दे पर भी अखिलेश ने भाजपा को घेरा। उन्होंने भाजपा की ओर से 1.27 करोड़ हिंदुओं के वोट कटने संबंधी दावे पर सवाल उठाते हुए पूछा कि पार्टी को यह आंकड़ा कहां से मिला था।

‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’, अखिलेश ने बूथ मजबूत करने पर दिया जोर

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के दबाव के बाद अब इस तरह के बयान सामने नहीं आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने ‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’का नारा देते हुए इससे संबंधित नया वीडियो भी दिखाया। आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करते हुए सपा अध्यक्ष ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और बूथ प्रभारियों से मतदाता सूची में अधिक से अधिक पात्र लोगों के नाम जुड़वाने की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत का रास्ता बूथ से होकर जाता है। बूथ जीतेंगे तभी सरकार बनेगी। उत्तर प्रदेश की जनता बदलाव के लिए तैयार है और जिस दिन चुनाव की घोषणा होगी भाजपा चुनाव हार जाएगी। भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए अखिलेश ने कहा कि उसकी ज्यादातर योजनाओं में भ्रष्टाचार हुआ है। भाजपा सरकार भ्रष्टाचार की मास्टर है। उन्होंने कहा कि पीडीए अब महज राजनीतिक नारा नहीं रह गया है, बल्कि भावनात्मक मुद्दा बन चुका है।

टिकट बंटवारे मे सीट नहीं जीत होगी प्राथमिकता

कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि अभी भी ऐसी सीटें हैं जहां कांग्रेस जीतने की स्थिति में है। इस संबंध में बैठक में चर्चा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन में प्राथमिकता सीटों की संख्या नहीं बल्कि जीत होगी। जो दल जिस सीट पर जीतने की स्थिति में होगा सीट उसके हिस्से में जाएगी। इस बीच, भाजपा नेता और बसपा सरकार में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री रह चुके उत्पल राय का सपा में शामिल होना पूर्वांचल की राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। मऊ जिले के रहने वाले उत्पल राय मधुबन विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। उन्होंने जुलाई 2016 में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। उन्हें पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा का करीबी माना जाता है।

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।

शेयर करें