लखनऊ। उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर आम सहमति बनाने की कवायद तेज हो गई है। दोनों दलों ने इस पर मंथन शुरू कर दिया है। इस मुद्दे पर सपा ने सांसद रामगोपाल यादव के नेतृत्व में एक सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया है जबकि कांग्रेस ने इसकी जिम्मेदारी प्रियंका गांधी को सौंपी है। सपा नेता आजम खान ने भी सीट बंटवारे को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया है।
23-24 नवंबर को हो सकती है दोनों दलों की बैठक
उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर सपा-कांग्रेस ने सीट बंटवारे की बातचीत को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा ने रामगोपाल यादव के नेतृत्व में सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। कमेटी में पांच नेता और दो डेटा एक्सपर्ट शामिल होंगे। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच 23 और 24 नवम्बर को बातचीत हो सकती है। बैठक में दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर आम सहमति बनाने का प्रयास किया जाएगा। डेटा एक्सपर्ट की मौजूदगी से सीटों पर दावेदारी और चुनावी समीकरणों को लेकर बातचीत में आंकड़ों को भी आधार बनाया जा सकेगा। दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या के साथ-साथ अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों की स्थिति और जीत की संभावनाओं पर भी चर्चा होने की उम्मीद है। कमेटी में रामगोपाल यादव के अलावा राजीव राय, धर्मेंद्र यादव और आलोक रंजन समेत अन्य नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
रायबरेली-अमेठी की सभी 10 सीटें चाहती है कांग्रेस
सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए कांग्रेस की ओर से पांच सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। इसमें प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा मोना और इमरान मसूद शामिल हैं। बातचीत प्रियंका गांधी के नेतृत्व में होगी। कांग्रेस की मुख्य मांग 403 में से 181 सीटों की है। पार्टी ने इसके लिए सीटों की क्षेत्रवार सूची भी तैयार की है। कांग्रेस पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा सीटें चाहती है। रायबरेली और अमेठी की सभी दस विधानसभा सीटों पर उसकी दावेदारी बताई गई है। कांग्रेस ने उम्मीदवारों के चयन के लिए एक अलग स्क्रीनिंग कमेटी भी बनाई है। उसकी अध्यक्षता अजय माकन करेंगे।
कांग्रेस को ज्यादा सीटें देनी पड़ीं तो देंगे कुर्बानी : आजम खान
सीट बंटवारे पर सपा नेता आजम खान ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह पहले वाली कांग्रेस नहीं है। गठबंधन से उन्हें कोई परेशानी नहीं है। उनके साथ सम्मानजनक समझौता होगा और कुछ सीटें ज्यादा भी देनी पड़ेंगी तो कुर्बानी देंगे। जब उनसे पूछा गया कि चुनाव में कांग्रेस 181 सीटें मांग रही है तो उन्होंने कहा कि मांगने के सिलसिले में हमने बचपन से एक कहावत सुनी है कि लाइसेंस तोप का मांगो तो तमंचे का मिल जाएगा।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।