जालंधर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि पंजाब कभी अपने संघर्ष, बलिदान और साहस के लिए जाना जाता था, लेकिन तत्कालीन सरकार ने राज्य की छवि को प्रभावित किया है। नशे के मुद्दे पर पंजाब के लोगों को गुमराह किया गया और राज्य की युवा पीढ़ी को सही दिशा देने के बजाय भटकने दिया गया। यह बात उन्होंने बुधवार को पंजाब के जालंधर से समरसता संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के अवसर पर कही।
यात्रा समाज के हर वर्ग को जोड़ने का करेगी काम
जालंधर से काशी तक निकलने वाली यह यात्रा 2,500 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय करेगी और सात राज्यों के 47 शहरों से होकर गुजरेगी। यात्रा का उद्देश्य गुरु रविदास जी के समरसता, समानता, भक्ति, प्रेम और मानवता के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाना है। यात्रा को रवाना करने के दौरान नितिन नवीन ने कहा कि उनके लिए यह दिन विशेष है, क्योंकि समरसता के भाव को लेकर शुरू हो रही यह यात्रा गुरुओं की नगरी जालंधर से प्रारंभ हो रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि संतों और गुरुओं के आशीर्वाद से यह यात्रा समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने में सफल होगी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अगले वर्ष गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती मनाई जाएगी। यह आयोजन केवल उनके 650 वर्ष पूरे होने का उत्सव नहीं है, बल्कि उनके विचारों, मूल्यों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में जागरूकता पैदा करने का प्रयास है।
गुरु रविदास जी ने छुआछूत जैसी कुरीतियों के खिलाफ उठाई आवाज
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने छुआछूत और जाति-पाति जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने समाज में समानता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी सामाजिक एकता और समरसता के लिए प्रेरणा देती हैं। नितिन नवीन ने गुरु रविदास जी की वाणी का उल्लेख करते हुए कहा, ‘ऐसा चाहूं राज मैं, जहां मिले सबन को अन्न। छोट-बड़ो सब सम बसैं, रविदास रहै प्रसन्न॥’ उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का यह संदेश ऐसे समाज की कल्पना करता है, जहां किसी के साथ भेदभाव न हो और सभी को समान अवसर तथा सम्मान मिले। नितिन नवीन ने कहा कि पंजाब की गुरु परंपरा हमेशा सेवा, त्याग, तपस्या, साहस और भाईचारे की भावना को मजबूत करती रही है। इसी परंपरा के संदेश को लेकर समरसता संकल्प यात्रा देश के विभिन्न राज्यों से गुजरेगी।
पंजाब में कानून के राज की स्थिति ठीक नहीं
कार्यक्रम के दौरान भाजपा अध्यक्ष ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून के शासन की बात तो की जाती है, लेकिन आज राज्य में कानून का राज नहीं है। यहां ऐसा कानून चल रहा है, जो अरविंद केजरीवाल की जेब भरने का काम करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पंजाब सरकार राज्य के गरीब लोगों के पैसे का इस्तेमाल आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय स्तर के राजनीतिक अभियान को चलाने के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को पंजाब की जनता की सेवा करने और उनके जीवन में बदलाव लाने के लिए चुना गया था, लेकिन इसके बजाय उन्हें केजरीवाल के लिए एटीएम की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।