जालंधर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वैश्विक मंच पर भारत की लगातार ‘बेइज्जती’ कर रहे हैं
राहुल गांधी पर भारतीय अर्थव्यवस्था को ‘आपदा’ बताने पर जताई नाराजगी
पंजाब के जालंधर दौरे के दौरान नितिन नवीन ने कहा, कांग्रेस नेता ‘राहुल गांधी भारत की अर्थव्यवस्था को ‘आपदा’ कह रहे हैं। उन्होंने देश की सभी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, आज मैं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि दुनिया की सभी वित्तीय संस्थाएं, चाहे वह विश्व बैंक हो, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष हो या दूसरे संस्थान हों, वैश्विक स्तर पर भारत की वृद्धि को मानती हैं और कहती हैं कि इस वैश्विक अस्थिरता के बावजूद भारत सबसे तेजी से बढ़ने वाला देश है। आज हम 7.1 फीसद की विकास दर के साथ आगे बढ़ रहे हैं और हम अंतरराष्ट्रीय स्तर के हिसाब से आगे बढ़ रहे हैं फिर भी उन्हें एक ‘डिजास्टर’ इकॉनमी दिखती है।
देश में प्रति व्यक्ति आय में हुई बढ़ोतरी
नितिन नवीन ने कहा, मेरा मानना है कि कहीं न कहीं, राहुल गांधी के मन में कोई गड़बड़ी चल रही है। उनका परिवार आगे नहीं बढ़ पा रहा है, उनकी पार्टी आगे नहीं बढ़ पा रही है, वह खुद आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं, इसलिए वह इसे एक गड़बड़ी मानते हैं। उन्होंने कहा, देश में प्रति व्यक्ति आय भी बढ़ी है लेकिन राहुल गांधी को यह तरक्की नहीं दिख रही है। हम अब रक्षा क्षेत्र में 38,000 करोड़ से ज्यादा निर्यात कर रहे हैं, फिर भी उन्हें यह तरक्की नहीं दिख रही है। इसके बजाय वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस पर सवाल उठा रहे हैं और देश का अपमान कर रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विपक्ष के नेता के तौर पर कार्यकाल का जिक्र करते हुए नवीन ने कहा, जब अटल जी वैश्विक मंचों पर कार्यक्रमों में शामिल होने जाते थे, तो वे भारत की अच्छी छवि के बारे में बात करते थे।
अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि खराब कर रहे हैं राहुल गांधी
उन्होंने कहा, अब यह देश की बदकिस्मती है कि हमें एक नेता विपक्ष (राहुल गांधी) मिला है, जो अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बेइज्जती करता है जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वैश्विक मंचों पर देश के झंडे और संप्रभुता को बनाए रखने के लिए काम करते हैं। विपक्ष के नेता की आलोचना करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “राहुल गांधी एक विदेशी टूलकिट के तौर पर सामने आकर भारत में अराजकता फैलाने का आपका इरादा कभी पूरा नहीं होगा। आप यूरोप का मैसेज भारत लाना चाहते हैं लेकिन हमारा देश दुनिया को गाइड करता है। अब दुनिया भी राहुल गांधी की नाकामी देखेगी।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।