मुख्य सामग्री पर जाएँ

इंडिया वॉइस

Breaking News
उत्तर प्रदेश

मथुरा में भाजपा की मेगा बैठक, चुनावी रणनीति पर मंथन

Desk

भाजपा की मथुरा में दो दिवसीय मेगा बैठक । सीएम योगी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, दोनों डिप्टी सीएम और वरिष्ठ नेता चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर करेंगे चर्चा

मथुरा में भाजपा की मेगा बैठक, चुनावी रणनीति पर मंथन
BJP's mega meeting in Mathura; deliberations on election strategy
शेयर करें

विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार से पार्टी की मथुरा में दो दिवसीय मेगा बैठक शुरू हो रही है। इसमें चुनावों के अंतिम रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

पार्टी मथुरा बैठक में तैयार की गई योजनाओं के आधार पर ही आगामी चुनावी रणनीति को धार देगी। हालांकि कई माह पहले से ही भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने बैठकों का दौर शुरू कर दिया था। भारतीय जनता पार्टी मथुरा में आयोजित बैठक के जरिए संगठन और सत्ता के बीच समन्वय स्थापित कर चुनाव में पूरी ताकत झोंकने का प्रयास करेगी।

बैठक में बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर पर संगठन की सक्रियता का भी गहन आकलन किया जाएगा। सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने तथा उन्हें चुनावी संवाद का हिस्सा बनाने पर भी बातचीत हो सकती है। पार्टी और संघ के बीच समन्वय तथा जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी गहन विचार-विमर्श होगा। कार्यकर्ताओं से मिले फीडबैक और अलग-अलग क्षेत्रों की जमीनी स्थिति पर भी परिचर्चा होगी। इसके साथ ही मतदाता संपर्क अभियान और बूथ प्रबंधन को मजबूत करने की रणनीति पर मंथन प्रस्तावित है।

बैठक के महत्व को इसी से समझा जा सकता है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,  प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश के कई कैबिनेट मंत्री और भाजपा संगठन के बड़े पदाधिकारी दो दिन मथुरा में प्रवास करेंगे। बैठक स्थल के निकट पांच हेलीपैड बनाए गए हैं। बैठक के दौरान कड़ी सुरक्षा रहेगी। बैठक स्थल से पांच सौ मीटर पहले तक किसी को वहां जाने की अनुमति नहीं रहेगी।

बैठक में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के बड़े नेताओं के शामिल होने को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। सुरक्षा को त्रिस्तरीय रखा गया है। पहले घेरे में मुख्यमंत्री और प्रमुख नेताओं की नजदीकी सुरक्षा रहेगी, जबकि दूसरे और तीसरे घेरे में पुलिस बल संदिग्ध गतिविधियों, भीड़ और आवागमन पर निगरानी रखेगा। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में करीब 1000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। अलीगढ़, मैनपुरी, फिरोजाबाद, हाथरस और आगरा से अतिरिक्त पुलिस बल मथुरा में बैठक स्थल पहुंच चुका है। एंटी ड्रोन टीम के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी सुरक्षा घेरे में सक्रिय रहेंगी।

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें। 

शेयर करें