मुख्य सामग्री पर जाएँ

इंडिया वॉइस

Breaking News
अन्य खबरें

फिलीपींस में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, मनीला में लगे ‘मोदी-मोदी’ के नारे

Desk

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचे, जहां भारतीय समुदाय ने उनका जोरदार स्वागत किया। पीएम मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

फिलीपींस में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, मनीला में लगे 'मोदी-मोदी' के नारे
Grand welcome for PM Modi in the Philippines; 'Modi-Modi' chants heard in Manila
शेयर करें

मनीला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचे। यहां इनका भव्य स्वागत किया गया। मनीला एयरपोर्ट पर लोगों ने ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाए। फिलीपींस के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव रॉबर्ट जोसेफ मोंटेस डी क्लारो ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। फिलीपींस के राष्‍ट्रपति फर्डिनेंड रोमुआल्डेज मार्कोस जूनियर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्‍मान में रात्र‍िभोज का आयोजन किया।

पीएम मोदी यहां 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने रात्र‍िभोज परिसर तक पहुंचने के लिए खास तौर पर तैयार किए गए एक बैटरी से चलने वाले विशेष ऑटो रिक्‍शा की सवारी की। मोदी यहां विशेष पोशाक पहनकर पहुंचे। यह ऑटो विशेष तौर पर अतिथियों के स्‍वागत के लिए तैयार किया गया है। इससे पहले मनीला पहुंचने पर भारतीय समुदाय के सैकड़ो लोगों ने प्रधानमंत्री का जोरदार स्‍वागत किया। मोदी ने लोगों का आभार जताते हुए ‘एक्‍स’ पर लिखा, ‘मैं कुछ समय पहले फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचा। यहां भारतीय समुदाय के लोगों से मिलकर बहुत खुशी हुई। उन्होंने मेरा बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया। यह देखकर अच्छा लगा कि हमारी भारतीय मूल के समुदाय न सिर्फ अपनी संस्कृति और परंपराओं को संजोए हुए है, बल्कि भारत और फिलीपींस के रिश्तों को और मजबूत बनाने में भी अहम भूमिका निभा रही है।

मोदी ने लिखा, कार्यक्रम में भारत और फिलीपींस के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों की सुंदर झलक देखने को मिली। इस दौरान ‘अगुसान की गोल्डन तारा’ और 9वीं-10वीं सदी के ऐतिहासिक ‘लगुना कॉपरप्लेट शिलालेख’ की प्रतिकृतियां भी देखीं। सबसे खास पल तब था, जब दोनों देशों के बच्चों ने मिलकर पूर्ण कुंभ श्लोक का पाठ किया। इसके बाद शानदार बॉलीवुड और जोशीले भांगड़ा प्रदर्शनों ने कार्यक्रम में और उत्साह भर दिया। यह कार्यक्रम भारत और फिलीपींस के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव, दोस्ती और लोगों के बीच मजबूत रिश्तों का बेहतरीन उदाहरण था। विदेश मंत्रालय ने कहा, यह दौरा ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ और ‘इंडो-पैसिफिक विजन’ के एक अहम हिस्से के रूप में आसियान के साथ भारत की साझेदारी को और मजबूत करता है।

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें। 

शेयर करें