नई दिल्ली। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी को सलाह दी है कि वह भाजपा को अपना दुश्मन नहीं मानें बल्कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के रूप में देखें। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी यह काम करेंगे तो कांग्रेस पार्टी लोगों का कुछ भरोसा जीत सकती है।
संसदीय कार्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। रिजिजू ने एक वीडियो शेयर किया, जिसमें एशिया रिबॉर्न बुक के लेखक पीके बासु ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से सवाल पूछते नजर आ रहे हैं कि ऐसा क्यों हुआ कि सालों तक आपका परिवार भारत पर शासन करता रहा और उस समय भारत का प्रति व्यक्ति आय, दुनिया के एवरेज से कम रही। बासु ने पूछा, जब देश आजाद हुआ, तब भारत का पर कैपिटल इनकम दुनिया में सबसे कम थी और जीवन प्रत्याशा 32 साल की थी, जो कि दुनिया में सबसे कम थी। अफ्रीका का उस समय 38 थी।
बुक के लेखक पीके बासु ने सवाल किया, ऐसे में जब देश इन मामलों में सबसे पीछे था, तो इस गैप को कम करने के लिए दुनिया के औसत से तेजी से आगे बढ़ना चाहिए था। उस कालखंड में लंबे समय तक आपके परिवार के लोग ही शासन कर रहे थे। वीडियो शेयर करते हुए रिजिजू ने राहुल गांधी को सलाह भी दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, एक बार फिर मैं आपको सलाह दे रहा हूं कि अगर आप ये काम करें तो कांग्रेस लोगों का कुछ भरोसा जीत सकती है।
रिजिजू ने सात बिंदुओं में अपनी सलाह देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने देश में ज्यादा समय बिताएं और बार-बार चोरी छुपके विदेश यात्राओं पर जाने से बचें। राहुल गांधी वरिष्ठ लोगों का सम्मान करें और उनसे बहुमूल्य सीख लें, यही भारतीय परंपरा रही है। इसके अलावा भारत-विरोधी लोगों से वह न मिलें और भारत विरोधी एजेंडे को बढ़ावा देना बंद करें। भाजपा, आरएसएस और मोदी के प्रति अपनी गहरी नफरत समाप्त करें और भाजपा को अपना राजनीतिक विरोधी मानें, दुश्मन नहीं, संसद को ज्यादा गंभीरता से लें और सांसदों को बहसों और चर्चाओं में हिस्सा लेने दें, भारत के संविधान का सम्मान करें और संवैधानिक संस्थाओं का आदर करें तथा कांग्रेस पार्टी को एक लोकतांत्रिक दल के रूप में काम करने दें और परिवारवादी राजनीति को खत्म करें।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।