नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी भी तैयारियों में जुट गई है। पार्टी का शीर्ष नेतृत्व चुनावी रणनीति बनाने के लिए बैठकें शुरू कर दी है। इसी कड़ी में सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की।
बैठक में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी भी शामिल हुए। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद, वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाल गौतम के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ भी बैठक में शामिल हुए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ उत्तर प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और विधानसभा चुनावों को लेकर गहन विचार विमर्श हुआ। उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव भविष्य मे देश की राजनीति को नई दिशा देंगे। राज्य की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है। मुझे पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव में उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प पेश करेगी।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि बैठक सफलतापूर्वक खत्म हो गई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश चुनाव के पूरे अभियान को लेकर चर्चा हुई। हम लोग दिसम्बर के पहले हफ्ते से हाई स्पीड चुनावी अभियान की शुरुआत कर रहे हैं। हमारा संगठन निचले स्तर तक काफी मजबूत है। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा हुई है। उन्होंने सीट बंटवारे के विषय पर कहा कि बैठक होनी है। इसके बाद ही फॉर्मूला बताया जाएगा। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि चुनाव को लेकर बैठक हुई है। हम लोगों ने चुनाव अभियान की रणनीति तैयार की है। दिसंबर माह के पहले सप्ताह से हम लोग पूरी तरह से चुनावी मोड में उतर जाएंगे।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।