लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भारत के पहले डिजिटल जनगणना अभियान ‘जनगणना-2027’ के दूसरे चरण की शुरुआत सोमवार को मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की।
स्व-गणना के लिए कुल 40 सवालों के जवाब संबंधित लोगों को देने होंगे। इसके लिए एक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर परिवार और व्यक्तिगत जानकारी भरनी होगी। इनमें अपना नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, मातृभाषा, साक्षरता, लिंग, जन्मतिथि, आयु, धर्म, जाति, माता-पिता का विवरण, डिजिटल साक्षरता और शैक्षिक स्तर से संबंधित जानकारियां शामिल होंगी। इस प्रक्रिया के लिए सभी निकायों, तहसीलों और सरकारी कार्यालयों में एक-एक नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि स्व जनगणना से जुड़े कार्यों का समन्वय और गहन निगरानी की जा सके।
शुभारंभ से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि विश्व के सबसे बड़े और भारत के पहले डिजिटल जनगणना अभियान ‘जनगणना-2027’ के दूसरे चरण के अंतर्गत प्रदेश में ‘स्व-गणना’ और ‘घर-घर जनगणना’ की प्रक्रिया का शुभारंभ भी करूंगा। ‘स्व-गणना’ की प्रक्रिया 16 से 30 नवम्बर तक चलेगी और ‘घर-घर जनगणना’ की प्रक्रिया 1 दिसम्बर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक चलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जनगणना की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सफल बनाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। आइए, जनभागीदारी और जनविश्वास की भावना को सशक्त करते हुए ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को नई गति प्रदान करें।
इससे पहले, मुख्यमंत्री योगी ने लखनऊ में ‘योगी की पाती’ कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया और प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन किया। उन्होंने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ प्रदेश वासी मेरा परिवार हैं। इस परिवार के सुख-दुख, आशाओं, उपलब्धियों और संकल्पों से जुड़े रहने का एक आत्मीय माध्यम है ‘योगी की पाती’।”
मुख्यमंत्री ने कहा, “पिछले 50 से अधिक सप्ताह से हर पाती के माध्यम से मैं अपने प्रदेश वासियों के साथ अपने विचार और भावनाएं साझा करता आ रहा हूं। यह मेरे लिए केवल पत्र लिखना नहीं, बल्कि अपने परिवार से संवाद करने का अवसर है।”
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।