लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 50 सप्ताह से ‘मुख्यमंत्री पाती’ लिख रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस संवाद श्रृंखला के उद्देश्य और कारणों को साझा किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ यह पाती क्यों लिखते हैं इस बात की जानकारी उन्होंने खुद एक नई पाती लिखकर दी। उन्होंने प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार बताया।
मुख्यमंत्री ने इसके पीछे एक प्रसंग को याद करते हुए बताया कि उनके पत्र केवल उनके विचार ही नहीं बल्कि जनभावनाओं को समझने और उन्हें स्वर देने का माध्यम भी बने हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की 25 करोड़ जनता के बीच संबंध केवल औपचारिक सूचनाओं तक सीमित नहीं रहने चाहिए। उत्तर प्रदेश मात्र एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि एक परिवार है और परिवार में आदेश नहीं, बल्कि अपनत्व के साथ संवाद होता है।
उन्होंने पाती को सरकार और समाज के बीच विश्वास, सहभागिता और आत्मीय जुड़ाव का माध्यम बताते हुए इसमें प्रदेशवासियों के सुझावों और अपेक्षाओं को भी स्थान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि पत्र के माध्यम से प्रदेश की जनता से संवाद करते हुए 50 सप्ताह कब पूरे हो गए, पता ही नहीं चला। कई बार लोगों के मन में यह सवाल जरूर उठते होंगे कि मुख्यमंत्री पाती क्यों लिखते हैं? इसका जवाब उनके वनटांगिया गांव के पहले दौरे के एक प्रसंग में छिपा है। उन्होंने कहा कि पहली बार वनटांगिया गांव जाने का अनुभव आज भी उन्हें याद है। कोल, गोंड, मुसहर, थारू और बुक्सा जैसे वंचित समाज के लोगों का दयनीय जीवन तथा वर्षों तक मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहने की स्थिति देखकर वह अत्यंत व्यथित हुए थे। उस समय उन्हें महसूस हुआ कि शासन का वास्तविक दायित्व केवल योजनाएं बनाना और उपलब्धियां गिनाना नहीं, बल्कि समाज के उस अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है, जिसकी अपेक्षाएं और पीड़ा कई बार व्यवस्था के बीच तक नहीं पहुंच पातीं।
योगी ने कहा कि इसी अनुभव ने उनके मन में शासन और जनता के बीच निरंतर संवाद तथा संवेदनशील जुड़ाव की आवश्यकता को और मजबूत किया। मुख्यमंत्री पाती की प्रेरणा भी इसी भावना में निहित है। उन्होंने कहा कि उनकी सहज भावना रही है कि मुख्यमंत्री और प्रदेश की 25 करोड़ जनता के बीच संबंध केवल औपचारिक सूचनाओं तक सीमित न रहें। प्रदेश के लोगों के जीवन, उनकी आकांक्षाओं और नए उत्तर प्रदेश के भविष्य से जुड़े विषयों पर आत्मीय संवाद हो। पाती के माध्यम से सुख-दुख की साझेदारी, परस्पर विश्वास और सहभागिता को मजबूत करना ही उनका उद्देश्य रहा है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।