Meerut: किसी वीर नारी ने करीब पांच दशक पहले देश की रक्षा करते हुए अपने पति को खो दिया, तो किसी की जिंदगी कारगिल युद्ध में पति की शहादत के बाद पूरी तरह बदल गई। वहीं, कुछ ऐसी महिलाएं भी हैं, जिन्होंने अपने पति के पार्थिव शरीर के आने का पांच महीने तक इंतजार किया। इन महिलाओं ने अपनों को खोने का असहनीय दर्द सहने के बावजूद कभी हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने बच्चों की परवरिश की और परिवार की तमाम जिम्मेदारियों को बखूबी निभाया।
शनिवार को क्रांति धरा मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम में आयोजित ‘पूर्व सैनिक पुनर्मिलन समारोह’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब इन वीर नारियों को सम्मानित किया, तो उनके जीवन से जुड़ी पुरानी यादें एक बार फिर ताजा हो उठीं। किसी के चेहरे पर पति की शहादत का गर्व झलक रहा था, तो किसी की आंखें बीते दिनों को याद कर नम हो गईं। इन महिलाओं के लिए यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं था, बल्कि उनके परिवारों के त्याग, संघर्ष और देश के लिए दिए गए सर्वोच्च बलिदान को पहचान और सम्मान देने का अवसर था।
पति की शहादत की स्मृतियां आज भी जिंदा
नांगल क्षेत्र के छपरा गांव की रहने वाली संतोष ने करीब 50 वर्ष पहले देश की रक्षा में अपने पति को खो दिया था। वक्त भले ही आधी सदी आगे बढ़ चुका हो, लेकिन पति की स्मृतियां आज भी उनके जीवन में उतनी ही गहराई से जुड़ी हुई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मानित होने पर संतोष ने इसे अपने परिवार के साथ-साथ सभी सैनिक परिवारों के लिए गौरव का क्षण बताया।
वहीं, मेरठ के शोभापुर निवासी अबरीशा खातून के पति अजमेर अली वर्ष 1987 में लद्दाख में हुए एक हादसे के दौरान शहीद हो गए थे। इस दुखद घटना के बाद परिवार को उनका पार्थिव शरीर भी नसीब नहीं हुआ। अजमेर अली को उनके अदम्य साहस और बलिदान के लिए मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया था। अबरीशा खातून ने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों मिला सम्मान उनके पति की शहादत को मिली एक बड़ी पहचान है।
शहादत और संघर्ष की कहानी
कंकरखेड़ा की रहने वाली विमलेश देवी के पति कारगिल युद्ध के दौरान देश के लिए शहीद हो गए थे। उनके अदम्य साहस और बलिदान के लिए उन्हें सेना मेडल से सम्मानित किया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों सम्मान प्राप्त कर विमलेश देवी ने इसे अपने लिए गर्व का अवसर बताया। इस दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा के लिए किए गए कार्यों की भी सराहना की।
वहीं, बिजनौर निवासी माला के पति सिक्किम में हुए एक हादसे में शहीद हो गए थे। इस दुखद घटना के बाद परिवार को उनके पार्थिव शरीर की पहचान और मिलने के लिए करीब पांच महीने तक इंतजार करना पड़ा। आखिरकार डीएनए जांच के माध्यम से उनके पार्थिव शरीर की पहचान हो सकी। पति की शहादत के बाद माला को अनुकंपा के आधार पर नौकरी प्रदान की गई, जिससे उन्हें जीवन की जिम्मेदारियां संभालने में सहारा मिला।
‘सम्मान पाकर ऐसा लगा कि पूरा देश हमारे परिवार के साथ है’
वर्ष 2016 में पति को खोने वाली गीता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करना और उनके हाथों सम्मान प्राप्त करना उनके लिए बेहद भावुक कर देने वाला अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि इस सम्मान के बाद उन्हें एहसास हुआ कि वह अकेली नहीं हैं, बल्कि पूरा देश उनके परिवार के साथ खड़ा है। इसी तरह अक्टूबर 2022 में शहीद हुए सैनिक की पत्नी सुमन ने भी मुख्यमंत्री से सम्मानित होने पर खुशी और गर्व जाहिर किया। उन्होंने बताया कि बच्चों की परवरिश और परिवार की जिम्मेदारियों को पूरा करने के लिए निगम की ओर से उन्हें नौकरी उपलब्ध कराई गई है।
इन वीर नारियों को मिला सम्मान केवल उनके शहीद पतियों के देश के प्रति बलिदान का सम्मान नहीं है, बल्कि उनके संघर्ष, हौसले और परिवार के प्रति अटूट जिम्मेदारी की भी सराहना है। यह इस बात का प्रतीक है कि देश अपने वीर सैनिकों के बलिदान को ही नहीं, बल्कि उनके परिवारों के धैर्य, त्याग और संघर्ष को भी सम्मान के साथ याद करता है।
✍️आलोक गुप्ता
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।