नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। टिकट बंटवारे को लेकर सभी राजनीतिक दल अपने सहयोगियों से संपर्क में हैं। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन के बीच सीट बंटवारे को लेकर 17 नवम्बर को एक बड़ी बैठक होने जा रही है।
इस बैठक में दोनों दलों के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। कांग्रेस पार्टी की ओर से 181 सीटों की मांग की बात सामने आई है। इस बीच भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और अखिलेश यादव के गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस पार्टी का उत्तर प्रदेश में कोई अस्तित्व नहीं है। कभी वह जो एक या दो सीटें वह जीतती भी है वह समाजवादी पार्टी के सहयोग से विजयी होती है। समाजवादी पार्टी को लगता है कि कांग्रेस सिर्फ दिल्ली में बड़े नेता और बड़ी पार्टी होने का नाम लेकर उनसे सीटें मांग रही है इसलिए दोनों के बीच रस्साकशी जारी है। कांग्रेस का नाम बड़ा है, लेकिन उसके पास उत्तर प्रदेश में कार्यकर्ता तक नहीं हैं। समाजवादी पार्टी को लगता है कि कांग्रेस को ज्यादा सीटें नहीं देनी चाहिए, जबकि कांग्रेस को लगता है कि दबाव बनाकर ज्यादा सीटें ले लेनी चाहिए। इन दोनों के बीच दोनों दलों में द्वंद्व चल रहा है। ये आपस में ही लड़ते रहेंगे, जबकि भारतीय जनता पार्टी पूरी ताकत से उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ेगी और भारी मतों से जीतेगी।
लखनऊ में भाजपा के मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह ने भी कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी ने पहले 201 सीटों की बात की थी, लेकिन अब अखिलेश यादव ने 181 सीटों की सूची की बात कही है। उन्हें लगता है कि 181 सीटों पर सहमति बन गई होगी। कांग्रेस को यह स्पष्ट करना चाहिए कि अगर सपा उसे 181 सीटें भी नहीं देती, तो क्या वह गठबंधन में बनी रहेगी? क्या ओवैसी के साथ चली जाएगी?
दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि कांग्रेस का पुराना इतिहास रहा है कि जिस पार्टी के साथ वह गठबंधन में गई, उस पार्टी को समाप्त कर दिया। अब कांग्रेस उत्तर प्रदेश में सपा को भी समाप्त करने वाली है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ओवैसी के साथ जाकर फिर से बंटवारे की राजनीति करना चाहती है। सपा, कांग्रेस और ओवैसी उत्तर प्रदेश को फिर से उसी दंगे, अपराध और माफिया राज में ले जाने का सपना देख रहे हैं।
इस बीच, समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने सीट बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि समझौता कांग्रेस और सपा के बीच हो रहा है, लेकिन पेट में दर्द भाजपा को हो रहा है। उन्होंने कहा कि इससे ही समझा जा सकता है कि यह गठबंधन कितना प्रभावी होने जा रहा है। उनके लिए नंबर कोई मायने नहीं रखता। उनका गठबंधन साझेदारी का नहीं, बल्कि समझदारी का गठबंधन है। दोनों दलों के शीर्ष नेताओं ने यह तय कर लिया है कि सीटों का फैसला भावनाओं या नंबर के आधार पर नहीं होगा। फैसला इस आधार पर होगा कि किस सीट पर कौन सा प्रत्याशी भाजपा को हरा सकता है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।