नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब पर विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। किताब के विमोचन के बाद भाजपा और शिवसेना के नेता कई मुद्दों पर सवाल उठाते रहे हैं।
हिंसा के लिए कांग्रेस नेता जिम्मेदार
पटना में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पुस्तक में लिखी बातों की सत्यता पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि किताब में कितनी बातें सच हैं। सोनिया गांधी को 1984 में दिल्ली और अन्य स्थानों पर सिख समुदाय के लोगों के नरसंहार का उल्लेख करना चाहिए था। उन्होंने इस घटना के लिए कांग्रेसियों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि पुस्तक में इस विषय पर चर्चा होनी चाहिए थी। बाबरी ढांचे को गिराए जाने पर सोनिया गांधी की प्रतिक्रिया का जिक्र करते हुए उन्होंने पूछा कि सिखों के साथ हुई हिंसा के बारे में पुस्तक में क्या लिखा गया है।
सोनिया गांधी की किताब एकतरफा कहानी
रांची में भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि पुस्तक का नाम ‘बिलॉन्गिंग- सोनिया गांधी जी की एकतरफा कहानी’ होना चाहिए, क्योंकि इसमें केवल सोनिया गांधी का पक्ष रखा गया है। आपातकाल के संदर्भ में राजीव गांधी के विरोध करने संबंधी उल्लेख पर उन्होंने सवाल उठाया। 1975 में राजीव गांधी न तो सार्वजनिक जीवन में थे और न सरकार में किसी महत्वपूर्ण पद पर। उस समय वह पायलट थे। उन्होंने सवाल किया कि उस दौर में सरकार के फैसलों में उनकी क्या भूमिका थी।
कांग्रेस नेतृत्व अपने परिवार को ही देश समझता है
मुंबई में शिवसेना नेता आनंद दुबे ने कहा कि सोनिया गांधी ने पुस्तक को अपने परिवार के लिए समर्पित बताया है। उन्होंने परिवार के सदस्यों के रूप में राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा, रेहान वाड्रा, मिराया वाड्रा और कांग्रेस के करीबी लोगों का उल्लेख किया। दुबे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व ने अपने परिवार को ही देश समझा और ऐसे आयोजनों में आम जनता की भागीदारी नहीं होती। उन्होंने पुस्तक के अंग्रेजी में होने का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत में कितने लोग अंग्रेजी पढ़ते-लिखते हैं, यह सभी जानते हैं। किताब के शीर्षक पर तंज कसते हुए उन्होंने पूछा कि यह प्रेम का सफर है या राजा-रजवाड़ों की दुनिया का सफर, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया कि उन्होंने पुस्तक नहीं पढ़ी है और न ही उसे पढ़ने की इच्छा है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।