लखनऊ। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव लेकर जहां सियासी दलों ने राजनीतिक तैयारियां तेज कर दी हैं वहीं चुनाव आयोग ने भी मंगलवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रदेश की आलेख्य मतदाता सूची जारी कर दिया है। सूची के अनुसार प्रदेश में मतदाताओं की संख्या बढ़ गई है।
महिला मतदाताओं की संख्या 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353
नई सूची में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने पुनरीक्षण अभियान के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि नई ड्राफ्ट सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष, 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला और 4,042 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या के मुकाबले अब 18.84 लाख की बढ़ोतरी हुई है। आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में महिला मतदाताओं की संख्या में 10 लाख 96 हजार 828 की वृद्धि हुई जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 7 लाख 87 हजार 449 बढ़ी है। वहीं, तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी दर्ज की गई है। इस तरह मतदाता सूची में महिलाओं की भागीदारी में अपेक्षाकृत अधिक वृद्धि हुई है।
यूपी में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग की अनुमानित आबादी 84.47 लाख
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में प्रति एक हजार पुरुष मतदाताओं पर महिला मतदाताओं की संख्या का अनुपात 834 से बढ़कर 840 हो गया है। इसी तरह मतदाता-जनसंख्या अनुपात भी 55.17 प्रतिशत से बढ़कर 55.95 प्रतिशत दर्ज किया गया है। निर्वाचन विभाग का कहना है कि पुनरीक्षण के दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने के प्रयास किए गए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग की अनुमानित आबादी 84 लाख 47 हजार है जबकि ड्राफ्ट मतदाता सूची में इस आयु वर्ग के महज 11.83 लाख मतदाताओं के नाम शामिल हैं।
17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां
निर्वाचन विभाग ने इस अंतर को कम करने के लिए स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में विशेष अभियान चलाने की तैयारी की है, ताकि पात्र युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराया जा सके। आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में संशोधन की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। नागरिक 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। इस दौरान नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, मतदाता सूची से नाम हटवाने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा। निर्वाचन विभाग के कार्यक्रम के अनुसार, 28 दिसंबर तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।