अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी की मथुरा में आयोजित दो दिवसीय चिंतन शिविर बैठक में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मथुरा में भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को लेकर दिए गए बयान पर अयोध्या के साधु संतों ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मौर्य ने कहा था, अयोध्या हुई हमारी, अब मथुरा की बारी।
मौर्य ने सनातनियों के मन की बात कही
मौर्य के बयान पर साकेत भवन के महंत सीताराम दास ने कहा कि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जो कहा है, वह बिल्कुल सही कहा है। यह सभी सनातनियों के दिल की बात है। उनका बयान सनातनियों की अपनी परंपरा और विरासत की रक्षा की बात है। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने निश्चित तौर पर संपूर्ण हिंदू जनमानस और उत्तर प्रदेश की जनता के मन की बात कही है। वे उनके इन विचारों से सहमत हैं और संपूर्ण हिंदू सनातनी समाज उनका समर्थन करता है। उन्होंने कहा कि भव्य गौरी श्रृंगार का मंदिर भी बनाया जाएगा और काशी विश्वनाथ मंदिर के साथ-साथ मथुरा में भी भव्य मंदिर बनेगा।
रामदल ट्रस्ट के अध्यक्ष ने केशव मौर्य के बयान का स्वागत किया
रामदल ट्रस्ट के अध्यक्ष कल्कि राम ने भी उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या का कार्य संपन्न हो गया है। वहां एक दिव्य और भव्य मंदिर बनकर तैयार हो गया है लेकिन मथुरा का कार्य भी नितांत आवश्यक है। यदि यह काम समय रहते हो जाए, तो यह अच्छी बात होगी। उन्होंने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या आ रहे हैं, लेकिन उन्हें आने से पहले अयोध्या के उस इतिहास के बारे में सोचना चाहिए, जिसे पूरी दुनिया जानती है।
अखिलेश यदुवंशी हैं, इसलिए उन्हें कृष्ण जन्मभूमि के लिए आगे आना चाहिए
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के तत्कालीन मुखिया मुलायम सिंह यादव ने अयोध्या को रक्तरंजित कर दिया था। उनके इस कृत्य के बाद एक पुस्तक भी छपी थी, जिसमें अयोध्या का रक्तरंजित इतिहास लिखा गया था। कल्कि राम ने कहा कि आज अखिलेश यादव अयोध्या आ रहे हैं और दर्शन करेंगे। वे तो यदुवंशी हैं, ऐसे में उन्हें कृष्ण जन्मभूमि के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरा सनातन समाज उनके साथ है। यह कार्य अखिलेश यादव को करना चाहिए और उन्हें विश्वास है कि वे इसे करेंगे भी।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।