मुख्य सामग्री पर जाएँ

इंडिया वॉइस

Breaking News सभी अपडेट
उत्तर प्रदेश

यूपी चुनाव 2027 : आजम का चुनावी हुंकार! बोले-यूपी में अब होगा इंकलाब

Desk

जेल से रिहा होने के बाद रामपुर पहुंचे सपा नेता आजम खान ने यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा बयान दिया। बोले- अब इंकलाब होगा, लड़ाई धर्म और जाति पर नहीं बल्कि मुद्दों पर होगी।

यूपी चुनाव 2027: आजम खान का चुनावी हुंकार!बोले-यूपी में अब इंकलाब होगा
UP Election 2027: Azam Khan’s electoral battle cry! Declares—there will now be a revolution in UP
शेयर करें

गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा होने के बाद समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान के बयान से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। रामपुर पहुंचने पर आजम खान ने कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अब इंकलाब होगा। लड़ाई धर्म और जाति पर न होकर अब मुद्दों पर होगी। देश भले ही आजाद हो गया है लेकिन संविधान अभी भी कैद में है। संविधान को आजाद कराने की लड़ाई लड़ते रहेंगे। सपा नेता ने रामपुर में विश्वविद्यालय बनाए जाने और खुद पर लगे आरोपों पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि उनकी खता सिर्फ इतनी है कि एक मुसलमान ने सिर्फ शिक्षा का मंदिर बनाया।

आजम खान को सुप्रीम कोर्ट से भी राहत

गौरतलब है कि मंगलवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय से आजम खान को राहत मिली थी। कोर्ट ने माना कि प्रथमदृष्टया आजम खान की गिरफ्तारी के दौरान संविधान के अनुच्छेद 22(1)और मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA)की धारा 19 के अनिवार्य प्रावधानों का सख्ती से पालन नहीं किया गया था। कोर्ट ने आज़म खान को निजी मुचलके और समान राशि के दो जमानतदारों के आधार पर रिहा करने का निर्देश दिया है। उन्हें गाजियाबाद के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संतुष्टि के अनुसार जमानत बांड भरना होगा। मामले की अगली सुनवाई 10 दिसम्बर होगी। उधर, सपा नेता को सुप्रीम कोर्ट से भी राहत मिल गई है। सुप्रीम कोर्ट ने ईडी की याचिका को खारिज करते हुए कहा कि वह इलाहाबाद हाईकोर्ट के अंतरिम जमानत के आदेश में दखल देने की इच्छुक नहीं है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले को कल को सुनवाई के लिए लगाने की बात कही। इस दौरान ईडी की ओर से तत्काल सुनवाई के अनुरोध पर सुप्रीम कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर वह अंतरिम जमानत पर बाहर रहेंगे तो कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा। उन्हें जमानत पर रहने दें।

आजम खान की वापसी से यूपी की सियासत में हलचल

सपा नेता आजम खान के जेल से बाहर आने के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। उनकी रिहाई से जहां समाजवादी पार्टी ने राहत की सांस ली है वहीं एआइएमआइएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्र शेखर आजाद के गठबंधन को झटका लगा है। भाजपा को भी मुस्लिम मतों के एकजुट होने का डर है। समाजवादी पार्टी को उम्मीद है कि आजम खान के जेल से बाहर आ जाने के बाद मुस्लिम मतदाताओं को लामबंद करने में मदद मिलेगी। दोनों के गठबंधन के ऐलान के बाद से समाजवादी पार्टी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आजम खान लंबे समय से समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुस्लिम नेताओं में गिने जाते रहे हैं। वह दस बार सपा के टिकट पर विधायक चुने गए और पार्टी के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे हैं। मुलायम सिंह यादव और अखिलेश यादव की सरकारों में भी आजम खान की अहम भूमिका रही है। सपा मुखिया अखिलेश यादव पीडीए के नाम पर पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक को अपने पाले में खींचने के भरसक प्रयास में जुटे हैं। मगर नया मोर्चा दलितों और अल्पसंख्यकों के मतदाताओं को उनसे दूर कर सकता है।

आजम के चुनाव प्रचार से मिलेगी सपा को ताकत

सपा के सबसे ताकतवर मुस्लिम चेहरों में शुमार रहे आजम खान की  मुस्लिम मतदाताओं मे पैठ होने के चलते सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जेल में उनसे मुलाकात की थी और कहा था कि आजम खान पार्टी में थे ‘आजम हैं और आजम रहेंगे। सपा समर्थकों का मानना है कि आजम खान के चुनाव प्रचार से पार्टी को ताकत मिलेगी। खासकर पश्चिम उत्तर प्रदेश में पार्टी और मजबूत होगी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव पीडीए का नारा देकर पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक को अपने पाले में खींचने के भरसक प्रयास में जुटे हुए हैं। मगर नया मोर्चा दलितों और अल्पसंख्यकों के मतदाताओं को उनसे दूर कर सकता है।

देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें। 

शेयर करें