अंबेडकर नगर। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि आजम खान की मौजूदा स्थिति के लिए अखिलेश यादव जिम्मेदार हैं। सपा नेता आजम खान के खिलाफ करीब 90 फीसद मुकदमे समाजवादी पार्टी की सरकार के कार्यकाल के दौरान दर्ज हुए थे।
अखिलेश यादव की सरकार में प्रदेश में था गुंडाराज
सपा कार्यालय के बाहर लगाए गए पोस्टरों और नेताओं के बयानों पर राजभर ने कहा कि उन्होंने सपा के एक नेता को यह कहते सुना कि वे अपनी लाठियों पर घी लगा रहे हैं और ताकत के दम पर सत्ता में आने की तैयारी कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अब कानून का राज है और हर व्यक्ति सुरक्षित महसूस करता है। इसके विपरीत अखिलेश यादव की सरकार के दौरान गुंडाराज था। उन्होंने अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा और गोरखपुर में हुए रोड शो के दौरान किशोर आर्यवर्धन की मौत को लेकर गंभीर सवाल उठाए। राजभर ने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने आजम खान, चंद्रशेखर आजाद और समाजवादी पार्टी की राजनीति को लेकर भी कई बयान दिए। यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि जिस पिता का बेटा दुनिया से चला जाता है,उस पर क्या बीतती है इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। इससे बड़ा दुख किसी परिवार के लिए नहीं हो सकता।
पीडीए रथ यात्रा के दौरान किशोर की मौत के मामले में दर्ज हो मुकदमा
पीडीए रथ यात्रा के दौरान किशोर की मौत हुई है इसलिए इस मामले में मुकदमा दर्ज होना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयान का समर्थन करते हुए राजभर ने कहा कि पिछले करीब 10 वर्षों में प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। सरकार ने बिना पैसे लिए नौकरियां देने, राज्य को दंगामुक्त बनाने और विकास को गति देने का काम किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश में दंगे और हिंसा आम बात थी। आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनौती दिए जाने पर राजभर ने कहा कि पहले चंद्रशेखर को चुनाव लड़कर अपनी सरकार बनाने दीजिए, उसके बाद वे किसी को चुनौती देने की बात करें। केवल बयान देने से राजनीतिक ताकत साबित नहीं होती।
रात में सपा नेता गुलदस्ते लेकर मुख्यमंत्री योगी से मिलते हैं
राजभर ने आरोप लगाते हुए कहा कि असली समाजवादी पार्टी भाजपा की बी-टीम है। उन्होंने अखिलेश यादव, शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव का नाम लेते हुए दावा किया कि ये नेता रात में गुलदस्ते लेकर मुख्यमंत्री योगी से मिलते हैं और अमित शाह से भी मुलाकात करते हैं। सोशल मीडिया पर इन नेताओं की तस्वीरें वायरल होती रहती हैं। ऐसे में उन्हें दूसरों पर सवाल उठाने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने पीडीए रथ यात्रा और गोरखपुर में आयोजित रोड शो के दौरान एक किशोर की मौत को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी एक पोस्ट लिखा। उन्होंने लिखा कि मित्र अखिलेश यादव। करा आए बेइज्जती गोरखपुर में? कर लिया सड़कों पर तांडव? इसी तांडव के बीच गोरखपुर में आपके गुंडों ने एक मासूम की जान ले ली। सड़क पर कूद-फांद कर रहे आपके लोडरों के कारण 13 साल के एक मासूम को जान गंवानी पड़ी। आपके रोड शो में शामिल बुलडोजर ने आर्यवर्धन की जान ली है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।