लखनऊ। समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान गोरखपुर में 12 वर्षीय एक किशोर की मौत पर राजनीतिक बयानबाजियां तेज हो गई हैं। सपा-भाजपा में आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर शुरू गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जहां किशोर की मौत पर कड़ा रुख अपनाया है और इसे निर्मम हत्या करार दिया वहीं सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सीएम योगी पर पलटवार करते हुए कहा कि शोक का नाटक करने वालों का स्वांग जनता समझ चुकी है।
मासूम की मौत से हम सभी आहत
अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर में मासूम की हादसे में हुई मृत्यु से हम सब सभी आहत हैं और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हैं। हम अपने लोगों से उस परिवार से मिलकर उनकी हर संभव सहायता करने के लिए कह चुके हैं। उन्होंने कहा के इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे पर राजनीति करने वाले लोग याद रखें कि उन्होंने लखनऊ अग्निकांड में युवा मृतक की दुखी मां के साथ कैसा दुर्व्यवहार करते हुए उन्हें धमकी दी थी। शोक का नाटक करने वालों का स्वांग जनता समझ चुकी है। इससे पहले गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि बुधवार को समाजवादी पार्टी का एक रोड शो था। उन्होंने एक नाबालिग लड़के को अपने रोड शो का शिकार बना दिया। सीएम योगी ने कहा, उस मासूम की गलती क्या थी, जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती वैसे ही ये गुंडे और माफिया डंडे के बल पर ही सीधे होंगे। यही समाजवादी पार्टी कर रही है। हमने इनकी गुंडागर्दी को ठीक किया है। उसी को ठीक करने के लिए एक बार फिर लगाम कसने की तैयारी हम कर रहे हैं।
रोड शो में जेसीबी की टक्कर से गई थी बच्चे की जान
उन्होंने कहा कि जिन गुंडों ने कल सड़कों पर अराजकता फैलाई हमने अधिकारियों को उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा है। हमने प्रशासन से कहा है कि गुंडों को ढूंढ निकालो और ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि कई पीढ़ियां याद रख सकें। गोरखपुर में 18 नवंबर को अखिलेश यादव ने करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया था। इसी दौरान 12 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई थी। वह चौरीचौरा क्षेत्र के राजधानी गांव का रहने वाला था। उसके पिता ओंकार सिंह स्थानीय भाजपा नेता बताए गए हैं। परिजनों का आरोप है कि जिस जेसीबी से रोड शो के दौरान फूल बरसाए जा रहे थे उसी की टक्कर से बच्चे की जान गई। पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में लेकर जांच शुरू की. मामले में पांच सपा नेताओं समेत 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।