लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अपनी मां सावित्री देवी के निधन की खबर मिलने के बाद उत्तराखंड स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। यहां मां की पार्थिव देह के अंतिम दर्शन करते समय वह भावुक हो गए। शनिवार सुबह हरिद्वार में मां के अंतिम संस्कार संस्कार में शामिल होने का कार्यक्रम है।
गोरखपुर में कार्यक्रम पूरा करने के बाद योगी ने रद्द किया गोंडा दौरा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां ने उत्तराखंड के पौड़ी जिले में स्थित पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। इस खबर के मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मां के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन करने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। यहां उन्होंने अपनी मां के पार्थिव शरीर पर फूल चढ़ाकर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मां के निधन की सूचना अपनी कर्मभूमि गोरखपुर में उस समय मिली जब वह छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित कर रहे थे। इसके बाद भी उन्होंने कार्यक्रम जारी रखा और समापन किया। मुख्यमंत्री गोरखपुर में अपने कार्यक्रम को सम्पन्न कराने के बाद गोंडा का कार्यक्रम रद्द कर दिया। गोंडा में सीएम योगी आदित्यनाथ को जयप्रभा ग्राम में आयोजित श्रीराम कथा में आना था। बलरामपुर मार्ग पर जयप्रभा ग्राम में चिन्मयानंद इंटर कालेज में चल रहे श्री राम कथा में देश भर के महामंडलेश्वरों व पीठाधीश्वरों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी आना था। यहां जाने-माने कथाकार राजन महराज का प्रवचन चल रहा है। यहां सीएम योगी आदित्यनाथ की संतों व महात्माओं से मिलकर उनका सुख-दुख जानने की योजना थी। यहां उनको एक घंटे तक बाबा रामदेव के साथ श्री राम कथा में शामिल होना था।
एक साल से बोल नहीं पा रही थीं सावित्री देवी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मां के निधन के बाद सोशल मीडिया मंच एक्स पर तस्वीर साझा करते हुए भावुक संदेश लिखा। उनके संदेश में मां के प्रति श्रद्धा और भावनात्मक जुड़ाव की झलक दिखाई दी। मुख्यमंत्री के पंचूर पहुंचने के बाद घर पर शोकाकुल परिजनों और रिश्तेदारों के बीच गमगीन माहौल रहा। मां के निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में नाते-रिश्तेदार और ग्रामीण उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने लगे। गांव में हर तरफ शोक की लहर है। ग्रामीणों के मुताबिक सावित्री देवी बेहद सरल, सहज और मिलनसार स्वभाव की थीं। उनका परिवार पंचूर गांव में ही रहता है। सावित्री देवी ने शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे 91 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं। उनके छोटे बेटे महेंद्र सिंह बिष्ट के मुताबिक, सुबह उनकी मां को सांस लेने में परेशानी हो रही थी। वह पिछले करीब एक साल से बोल भी नहीं पा रही थीं। निधन के समय घर पर महेंद्र सिंह बिष्ट और उनके परिवार के सदस्य मौजूद थे।
मां के निधन पर PM मोदी ने फोन कर CM योगी से जताई संवेदना
योगी आदित्यनाथ का परिवार सात भाई-बहनों का है। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में फॉरेस्ट रेंजर थे। उनका 20 अप्रैल 2020 को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। कोरोना महामारी के दौरान मुख्यमंत्री अपनी प्रशासनिक जिम्मेदारियों के कारण पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। उन्होंने उस समय पिता के अंतिम दर्शन नहीं कर पाने का दुख भी व्यक्त किया था। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री की मां के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर उनसे बात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती और उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्रियों समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी शोक जताया। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।