देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में शुक्रवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक आवास पर पर उन्होंने अंतिम सांस ली। यह दुखद खबर उस वक्त आई जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने गृह जनपद गोरखपुर में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
भाजपा के कई नेताओं ने जताया दुख
उनके निधन पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित कई नेताओं ने दुख व्यक्त किया है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह ने दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह,आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा सीएम योगी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदय को व्यथित करने वाला है। मां का साया उठना जीवन की ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। दुःख की इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
पौड़ी के एसएसपी ने की निधन की पुष्टि
गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदय को व्यथित करने वाला है। दुःख की इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार ने निधन की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सीएम योगी की मां सावित्री देवी का निधन करीब सुबह 11 बजे उनके पैतृक घर पंचूर में हो गया। सावित्री देवी पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में रहती थीं। इसी गांव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जन्म हुआ था। उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में कार्यरत थे। 89 साल की उम्र में आनंद सिंह बिष्ट का अप्रैल 2020 में निधन हो गया था। यह दुखद खबर उस वक्त आई जब सीएम योगी आदित्यनाथ अपने गृह जनपद गोरखपुर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
जून 2024 में ऋषिकेश स्थित एम्स में अपनी मां से मिलने पहुंचे थे योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ का मूल नाम अजय सिंह बिष्ट है। उनका जन्म 5 जून 1972 को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव में हुआ था। उन्होंने साल 1994 में सांसारिक जीवन छोड़कर संन्यास ले लिया था। इसके बाद वह गोरखपुर स्थित गोरक्षपीठ से जुड़े और महंत अवैद्यनाथ के शिष्य बने। मुख्यमंत्री बनने के बाद भी वह समय-समय पर अपने पैतृक गांव और परिवार से मिलने जाते रहे। मई 2022 में योगी आदित्यनाथ करीब 28 साल बाद अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी मां सावित्री देवी और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की थी। गांव में उनके स्वागत की तैयारी की गई थी। योगी ने अपने घर पर रात भी बिताई थी। जून 2024 में भी योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान पहुंचे थे। इस साल मई में मां से लिया था आशीर्वाद।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।