Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने और उन्हें आधुनिक तकनीक के जरिए अधिक सक्षम बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल यानी 20 नवंबर को गोरखपुर मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करेंगे। यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत रामगढ़ताल क्षेत्र के चंपा देवी पार्क में आयोजित किया जाएगा।
इस समारोह में गोरखपुर मंडल के चार जिलों—गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया और कुशीनगर के विद्यार्थी शामिल होंगे। टैबलेट वितरण में सबसे अधिक लाभ गोरखपुर जिले के छात्रों को मिलेगा। यहां के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत 35 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट दिए जाएंगे। वहीं, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज जिले के 5-5 हजार विद्यार्थियों को भी इस योजना के तहत टैबलेट वितरित किए जाएंगे।
पढ़ाई में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा
एक ही दिन में मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों तक डिजिटल डिवाइस पहुंचने से उनकी पढ़ाई में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाना और उन्हें बदलते डिजिटल दौर की जरूरतों के अनुरूप तैयार करना है।
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने का काम लगातार किया जा रहा है। जिलाधिकारी दीपक मीणा के मुताबिक, वर्ष 2021-22 में योजना शुरू होने के बाद से अब तक गोरखपुर के 1,41,085 विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन दिए जा चुके हैं। जिले को आवंटित सभी स्मार्टफोन का वितरण पूरा हो गया है, जबकि शेष 52,800 टैबलेट कॉलेजों के जरिए विद्यार्थियों तक पहुंचाए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मुख्य वितरण कार्यक्रम आयोजित होगा।
इस योजना का लाभ केवल सामान्य स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है। इसमें डिप्लोमा, स्किल डेवलपमेंट, पैरामेडिकल और नर्सिंग जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी शामिल किया गया है। डिजिटल उपकरणों की उपलब्धता से विद्यार्थियों को पढ़ाई में मदद मिलने के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तलाशने में भी सहायता मिल रही है।
टैबलेट और स्मार्टफोन विद्यार्थियों के लिए शिक्षा के साथ-साथ जरूरी सूचनाएं हासिल करने का भी उपयोगी माध्यम बन रहे हैं। इनके जरिए छात्र घर बैठे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों की ओर से फ्लैश मैसेज के माध्यम से कक्षाओं, पाठ्यक्रम और परीक्षाओं से जुड़े महत्वपूर्ण अपडेट भी सीधे विद्यार्थियों के डिवाइस पर भेजे जा रहे हैं।
✍️आलोक गुप्ता
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।