शाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में एक मुस्लिम के घर पर लगी नेमप्लेट पर ‘वंदे मातरम’‘जय हिंद’ और ‘जय भारत’लिखे होने से एक मौलवी ने निकाह कराने से इनकार कर दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मौलवी के खिलाफ खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और शांति भंग की धाराओं में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दिया है। दूसरी तरफ काजी ने आरोपों से इनकार किया है।
शाहजहांपुर में निकाह को लेकर विवाद
अधिवक्ता मोनिश ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है के उनकी बहन का निकाह 15 नवम्बर को होना तय हुआ था। उन्होंने निकाह के लिए मौलवी मोहम्मद सुरफान रजा कादिरी से पहले ही बातचीत कर लिया था। आरोप है कि इमाम ने शुरुआत में निकाह पढ़ाने के लिए अपनी सहमति दे दी थी लेकिन बाद में परिवार की गतिविधियों और विचारों पर आपत्ति जताई। मोनिश का आरोप है कि 13 नवम्बर को इमाम ने निकाह पढ़ाने से साफ इनकार कर दिया। परिवार को बताया गया कि उनकी कुछ गतिविधियां दीन के खिलाफ हैं। इसके बाद निकाह वाले दिन 15 नवम्बर को मौलवी के पिता की तबीयत खराब होने की बात कही गई। उस समय घर में रिश्तेदार और मेहमान भी पहुंच चुके थे। परिवार ने आनन-फानन में वहां मौजूद एक और मौलवी शफीक खान ने निकाह संपन्न कराया। अधिवक्ता मोनिश अपने नाम के आगे ‘भगत सिंह’ लिखते हैं। उन्होंने अपने घर के बाहर लगी नेमप्लेट पर ‘वंदे मातरम’, ‘जय हिंद’ और ‘जय भारत’ जैसे नारे भी लिखे हैं।
राष्ट्रवादी विचारों के चलते निकाह से इनकार का आरोप
मोनिश का कहना है कि उनका परिवार आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द में विश्वास रखता है। परिवार हिंदू त्योहार भी मनाता है और जरूरतमंदों की सहायता के लिए ‘भगत सिंह रक्त सेवा मंच’ नाम से संस्था चलाता है इसलिए मौलवी ने निकाह कराने से इनकार कर दिया। दूसरी तरफ मौलवी मोहम्मद सुरफान रजा कादिरी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उनके पिता की तबीयत खराब थी जिसके कारण वह निकाह में शामिल नहीं हो सके। उन्होंने दावा किया कि परिवार को इस बारे में पहले ही जानकारी दे दी गई थी ताकि वे किसी दूसरे मौलवी की व्यवस्था कर सकें। इमाम ने यह भी कहा कि उनका किसी के प्रति कोई द्वेष नहीं है और देश से मोहब्बत करना उनके ईमान का हिस्सा है। पुलिस मामले से जुड़े आरोपों और दोनों पक्षों के बयानों की जांच कर रही है। अधिवक्ता का आरोप है कि परिवार के राष्ट्रवादी विचारों और परंपराओं के कारण निकाह पढ़ाने से इनकार किया गया जबकि इमाम ने पिता की बीमारी को इसकी वजह बताया है।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।