पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पटना और वैशाली में आयोजित कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली जिले में पहुंचकर गंगा नदी पर करीब 4,280 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह-लेन पुल ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया।
एक-दूसरे के गले मिले दोनों नेता
बिहार में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल के नामकरण को लेकर पिछले कुछ दिनों से जारी राजनीतिक बयानबाजी के बीच शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के बीच एक बार फिर मजबूत आपसी तालमेल और विश्वास की झलक देखने को मिली। प्रधानमंत्री के एक दिवसीय बिहार दौरे के दौरान पटना हवाई अड्डे पर दोनों नेताओं की मुलाकात हुई। इस दौरान दोनों ने गर्मजोशी से एक-दूसरे को गले लगाया और काफी प्रसन्न नजर आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने बिहार दौरे की शुरुआत करने पटना पहुंचे। हवाई अड्डे पर नीतीश कुमार ने उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच मुलाकात का अंदाज खासा चर्चा में रहा। नीतीश कुमार को देखते ही प्रधानमंत्री मोदी ने गर्मजोशी दिखाई। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया और हाथ पकड़कर अभिवादन किया। इस दौरान दोनों के चेहरे पर मुस्कान थी। उनकी मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आईं, जिनमें दोनों नेताओं के बीच सहजता और आत्मीयता साफ दिखाई दे रही है।
पीएम बोले, नीतीश कुमार जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने नीतीश कुमार के साथ तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, “पटना हवाई अड्डे पर नीतीश कुमार जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।” प्रधानमंत्री की इस पोस्ट के साथ साझा की गई तस्वीरों में नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी एक-दूसरे के गले मिलते और हाथ थामकर बातचीत करते नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों को बिहार की राजनीति में दोनों नेताओं के बीच संबंधों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में पहुंचकर गंगा नदी पर करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह-लेन पुल ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया।
उत्तर-दक्षिण बिहार के बीच सफर होगा आसान
प्रधानमंत्री ने रिबन काटकर इस पुल को राष्ट्र को समर्पित किया। नीतीश सेतु के चालू होने से गंगा नदी पर आवागमन के लिए एक अतिरिक्त मार्ग उपलब्ध होगा। इससे महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यात्रा का समय भी घटेगा। इस पुल से विशेष रूप से राघोपुर दियारा के लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। पटना तक उनकी पहुंच आसान होगी और स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा सहित अन्य जरूरी सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।