हरियाणा के पंचकूला में 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़े गए CGST (केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर) के सुपरिंटेंडेंट के घर से CBI ने करीब 1.86 करोड़ रुपये की नकदी और कीमती सामान बरामद किया है। इसमें भारतीय और विदेशी करेंसी के अलावा सोने के गहने, सोने की ईंटें और चांदी शामिल हैं। आरोपी को CBI ने 19 नवंबर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
CBI के मुताबिक, आरोपी CGST सुपरिंटेंडेंट पर एक निजी कंपनी के GST मामले में अनुचित फायदा पहुंचाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद CBI ने 19 नवंबर को पंचकूला में जाल बिछाया और आरोपी को 10 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
इसे भी पढ़ें : दिल्ली से कश्मीर तक नशीली दवाओं के नेटवर्क का पर्दाफाश, शाहदरा के गोदाम से 5 लाख से अधिक टैबलेट-कैप्सूल बरामद
इसके बाद 20 नवंबर को आरोपी के घर पर छापेमारी की गई। इस दौरान 24.29 लाख रुपये की भारतीय करेंसी और करीब 15.65 लाख रुपये के बराबर विदेशी मुद्रा बरामद हुई। इसके अलावा करीब 1.46 करोड़ रुपये के सोने के गहने, सोने की ईंटें और चांदी भी मिली। इस तरह कुल बरामदगी की कीमत करीब 1.86 करोड़ रुपये आंकी गई है।
छापेमारी के दौरान CBI को आरोपी के छह बैंक खातों, निवेश, जीवन बीमा पॉलिसी और कई अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। एक वाहन से जुड़े कागजात और आरोपी व उसके परिवार के सदस्यों के वित्तीय लेन-देन की जानकारी भी बरामद हुई है।
CBI अब इन दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि आरोपी और उसके परिवार के सदस्यों की संपत्ति, निवेश और पैसों के लेन-देन का पूरा ब्योरा जुटाया जा सके।
देश और दुनिया की बाकी खबरों के लिए हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फॉलो करें।